हिंदी
घटना के बाद जुटी भीड़ (Img: Dynamite News)
Gorakhpur: गोरखपुर जिले के गोला थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। पुरसादेउर गांव निवासी 25 वर्षीय राकेश चौहान की एक तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से मौत हो गई। राकेश बेंगलुरु में रहकर काम करता था और कुछ दिनों के लिए घर आया हुआ था। बुधवार शाम जब वह घर लौट रहा था, तभी बांसगांव थाना क्षेत्र के धस्की के पास यह हादसा हुआ।
गंभीर रूप से घायल राकेश को जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।
राकेश की मौत के बाद शुक्रवार सुबह माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया। जब परिजन अंतिम संस्कार के लिए शव लेकर जा रहे थे, तभी रामनगर के पास उन्होंने सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान गोला-कौड़ीराम मार्ग पूरी तरह जाम हो गया और करीब एक घंटे तक यातायात बाधित रहा।
Maharajganj News: सोनौली बाजार में आग का तांडव, दुकान का सामान जलकर खाक
प्रदर्शन कर रहे लोगों की मांग थी कि मृतक के परिवार को 25 लाख रुपये की आर्थिक सहायता, एक सदस्य को सरकारी नौकरी और आरोपी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। एसडीएम बांसगांव प्रदीप सिंह, सीओ बांसगांव अनुज कुमार सिंह और अन्य अधिकारियों ने परिजनों से बातचीत की और उन्हें हरसंभव मदद का आश्वासन दिया।काफी समझाने-बुझाने के बाद परिजन और ग्रामीण शांत हुए और जाम खत्म किया गया, जिसके बाद यातायात फिर से सामान्य हो सका।
गोरखपुर में सरिया चोरी का बड़ा खुलासा! 12.50 टन माल के साथ चालक गिरफ्तार
मृतक की पत्नी वंदना की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281, 125 और 106 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।
बताया जा रहा है कि राकेश की शादी केवल एक साल पहले ही हुई थी और उसकी कोई संतान नहीं थी। अचानक हुई इस घटना ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। गांव में भी शोक का माहौल है।
Location : Gorakhpur
Published : 17 April 2026, 2:16 PM IST