थाने के अंदर क्या हुआ उस रात… पिटाई से युवक की हालत गंभीर, अस्पताल पहुंचा, आरक्षी सस्पेंड

गोरखपुर के पिपराइच थाने में देर रात हुई एक घटना ने पुलिस महकमे में हलचल मचा दी है। दो युवकों को थाने लाए जाने के बाद मारपीट के आरोप सामने आए हैं, जिसमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। मामला बढ़ने पर एक आरक्षी को सस्पेंड कर जांच शुरू कर दी गई है।

Gorakhpur: पिपराइच थाने में पुलिसकर्मियों द्वारा दो युवकों की कथित बेरहमी से पिटाई का मामला सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। घटना में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका इलाज बीआरडी मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने प्रथम दृष्टया दोषी पाए गए आरक्षी अजय यादव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर विभागीय जांच के आदेश दे दिए हैं।

खाना खाने को लेकर हुआ विवाद

जानकारी के अनुसार, सोमवार देर रात करीब 11:45 बजे महमूदाबाद गांव निवासी 28 वर्षीय अब्दुल रहीम और उसके साले शाहरुख के बीच खाना खाने को लेकर विवाद हो गया। सूचना मिलने पर डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और दोनों को समझाकर मामला शांत करा दिया। कुछ देर बाद दोनों के बीच दोबारा मारपीट शुरू हो गई, जिस पर अब्दुल रहीम ने फिर पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस दोनों को पिपराइच थाने ले आई।

ग्रेटर नोएडा डबल मर्डर केस: पांच भाइयों समेत 9 दोषियों को उम्रकैद, पंचायत में दो लोगों की गोली मारकर की थी हत्या

शोर-शराबे से नाराज हुआ आरक्षी

परिजनों का आरोप है कि थाने में रात्रि ड्यूटी पर तैनात आरक्षी अजय यादव शोर-शराबे से नाराज हो गए और अन्य पुलिसकर्मियों के साथ मिलकर दोनों युवकों की पिटाई कर दी। आरोप है कि पहले शाहरुख को लाठियों से पीटा गया, जो किसी तरह वहां से निकल गया। इसके बाद अब्दुल रहीम को पकड़कर थाने के भीतर खंभे से सटाया गया और उसकी डंडों से बेरहमी से पिटाई की गई। परिजनों का दावा है कि मारपीट में उसके शरीर पर गंभीर चोटें आईं और कई स्थानों पर त्वचा तक उधड़ गई। शाहरुख के शरीर पर भी चोट के निशान बताए जा रहे हैं।

अब्दुल रहीम की हालत बिगड़ने पर उसे पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पिपराइच ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बीआरडी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल में परिजनों और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। मामले को लेकर क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है और लोगों ने दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर निष्पक्ष जांच और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

Gorakhpur: NH-28 पर भीषण सड़क हादसा, भाजपा नेता के भाई की मौत, एक गंभीर

आरोपी आरक्षी निलंबित

पुलिस क्षेत्राधिकारी चौरीचौरा कुंदन कुमार सिंह ने बताया कि घटना को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने आरोपी आरक्षी अजय यादव को तत्काल निलंबित कर विभागीय जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी तथ्यों की निष्पक्ष जांच कराई जा रही है और दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Location :  Gorakhpur

Published :  30 June 2026, 8:51 PM IST

Advertisement