हिंदी
जबरन नींव खोदने का विरोध पड़ा भारी फोटो सोर्स- डाइनामाइट न्यूज
Gorakhpur: गोला थाना क्षेत्र के ग्रामसभा चिलवा स्थित गड़ेड़पुरा गांव में जमीन पर जबरन नींव खोदने का विरोध करना एक परिवार को भारी पड़ गया। आरोप है कि पट्टीदारों ने न केवल दबंगई दिखाते हुए विवादित जमीन पर दीवार खड़ी करने का प्रयास किया, बल्कि विरोध करने पर दंपती को लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से जमकर पीट दिया। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जमीन में नींव खोदकर दीवार निर्माण
पीड़ित भभूति पाल पुत्र स्वर्गीय मोलई पाल निवासी गड़ेड़पुरा ने गोला थाने में दी गई तहरीर में बताया कि रविवार सुबह करीब 7 बजे उनके पट्टीदार रामानंद पुत्र संतु पाल तथा उसके पुत्र अनिल, अवनीश और मनीष जबरन उनकी जमीन में नींव खोदकर दीवार निर्माण कराने लगे। जब भभूति पाल ने इसका विरोध किया तो सभी आरोपी उग्र हो गए और गाली-गलौज करते हुए लाठी, डंडे व लोहे की रॉड से हमला कर दिया।
जान से मारने की धमकी
पीड़ित के अनुसार मारपीट के दौरान वह गंभीर रूप से घायल हो गए। शोर सुनकर उनकी पत्नी गुड्डी पाल बीच-बचाव करने पहुंची तो आरोपियों ने उसके साथ भी मारपीट की। इतना ही नहीं, आरोपियों ने दंपती को जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोग मौके पर जुट गए।
बदायूं में शराब पर ‘ओवररेट’ का नशा, आखिर क्यों मौन है आबकारी विभाग?
मामले की सूचना मिलने पर गोला पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर आरोपी रामानंद, अनिल, अवनीश और मनीष के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 115(2), 352 और 351(3) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
ग्रामीणों का कहना है कि जमीन को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद चल रहा था, लेकिन रविवार को मामला हिंसक रूप ले लिया। गांव में घटना को लेकर चर्चा का माहौल बना हुआ है।
Location : गोरखपुर
Published : 12 May 2026, 3:06 PM IST
Topics : crime news Gorakhpur News Latest News UP News