गोरखपुर: सरकारी स्कूलों और भवनों में सेंध लगाने वाला शातिर गैंग का बड़ा खुलासा

 गोरखपुर में सरकारी स्कूलों, पंचायत भवनों और सरकारी भवनों में लगातार हो रही चोरियों का आखिरकार बड़ा खुलासा हो गया है। पीपीगंज पुलिस ने लंबे समय से सक्रिय एक संगठित चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

Updated : 25 May 2026, 8:18 PM IST
google-preferred

Gorakhpur:   गोरखपुर में सरकारी स्कूलों, पंचायत भवनों और सरकारी भवनों में लगातार हो रही चोरियों का आखिरकार बड़ा खुलासा हो गया है। पीपीगंज पुलिस ने लंबे समय से सक्रिय एक संगठित चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से करीब 3.10 लाख रुपये कीमत का चोरी का सामान बरामद किया है।

बरामदगी में 5 गैस सिलेंडर, 4 एलईडी टीवी, एक मॉनिटर, यूपीएस, कीबोर्ड-माउस, प्रिंटर और मोबाइल फोन शामिल हैं। पुलिस के अनुसार यह गिरोह सरकारी स्कूलों, पंचायत भवनों और अन्य सरकारी परिसरों को अपना आसान निशाना बनाता था। आरोपी रात के समय भवनों की कुंडी काटकर अंदर घुसते थे और गैस सिलेंडर, कंप्यूटर, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण तथा अन्य उपयोगी सामान चोरी कर बाजार में बेच देते थे। गिरोह काफी समय से इस तरह की वारदातों को अंजाम दे रहा था।

मामले की जांच तब तेज हुई जब 8 अप्रैल 2026 को प्राथमिक विद्यालय ताललिखिया के प्रधानाध्यापक ने शिकायत दर्ज कराई कि विद्यालय से गैस सिलेंडर, चूल्हा, राशन सामग्री और निर्माण कार्य में लगे लोहे के एंगल चोरी कर लिए गए हैं। शिकायत में यह भी बताया गया कि विद्यालय क्षेत्र में पहले भी कई बार चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं।

दर्ज चोरी के मामलों का सामान भी बरामद

इसके बाद 22 मई को बैरघट्टा पंचायत भवन में चोरी की दूसरी बड़ी घटना सामने आई। पंचायत भवन की कुंडी काटकर अंदर रखा कंप्यूटर सेट और प्रिंटर चोरी कर लिया गया। दोनों मामलों में मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस ने जांच तेज की और आखिरकार गिरोह तक पहुंच गई। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे गैंग बनाकर आर्थिक लाभ के लिए सरकारी संस्थानों को निशाना बनाते थे। पुलिस ने बताया कि इनके कब्जे से सहजनवा और कैंपियरगंज थाना क्षेत्रों में दर्ज चोरी के मामलों का सामान भी बरामद हुआ है।

गिरफ्तार आरोपियों में रमेश उर्फ सूईत, अनिल, प्रवीण यादव, सन्नी गौड़, गंगा सागर मद्देशिया, गोपीचंद मद्देशिया, बाल मुकुंद उर्फ मक्कू, यशपाल उर्फ मुन्ना और शेषमणि निषाद शामिल हैं। इनमें कई आरोपियों पर पहले से चोरी, गैंगस्टर, मारपीट और गंभीर मामलों के मुकदमे दर्ज हैं। पीपीगंज पुलिस की इस कार्रवाई को सरकारी संपत्तियों में हो रही लगातार चोरियों पर बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और चोरी के सामान खरीदने वालों की तलाश में जुटी हुई है।

Location :  Gorakhpur

Published :  25 May 2026, 8:18 PM IST

Advertisement