हिंदी
बीआरडी मेडिकल कॉलेज (Img: Google)
Gorakhpur: गोरखपुर के बीआरडी मेडिकल कॉलेज में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब मेडिसिन वार्ड नंबर 9 में भर्ती एक मरीज के तीमारदारों के साथ मारपीट का आरोप सामने आया। घटना के बाद वार्ड में दहशत फैल गई और मरीजों के परिजन गलियारों में निकल आए। मौके पर मौजूद सुरक्षा गार्डों पर भी मूकदर्शक बने रहने का आरोप लगाया गया।
जानकारी के अनुसार कुशीनगर जिले के अहिरौली थाना क्षेत्र के अकटहिया खोठ्ठा बाजार निवासी 72 वर्षीय वीरेंद्र तिवारी हृदय रोग से पीड़ित हैं। उन्हें चार दिन पहले बीआरडी मेडिकल कॉलेज के मेडिसिन वार्ड में भर्ती कराया गया था।
बुधवार को सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल के कार्डियोलॉजी विभाग के डॉक्टर ने जांच के बाद मरीज को दो दिन और भर्ती रखने की सलाह दी थी। आरोप है कि जब तीमारदार मरीज को लेकर वापस वार्ड पहुंचे, तो वहां मौजूद एक जूनियर डॉक्टर ने मरीज को घर ले जाने की बात कही।
तीमारदारों ने वरिष्ठ चिकित्सक की सलाह का हवाला दिया, जिसके बाद विवाद बढ़ गया।
परिजनों का आरोप है कि विवाद के बाद 15 से 20 जूनियर डॉक्टरों ने सुरक्षा गार्डों की मदद से तीन तीमारदारों को अलग-अलग कमरों में बंद कर दिया और उनके साथ मारपीट की।
घटना के दौरान अन्य मरीजों और महिलाओं ने वीडियो बनाने की कोशिश की, लेकिन उनके साथ भी अभद्रता किए जाने का आरोप लगाया गया।
बिहार के छपरा निवासी रीना सिंह, जो अपने भाई कृष्णा का इलाज कराने अस्पताल आई थीं, ने आरोप लगाया कि घटना का वीडियो बनाने पर उनका मोबाइल फोन छीनकर तोड़ दिया गया।
तीमारदारों का कहना है कि उन्हें तीन बार अलग-अलग कमरों में ले जाकर पीटा गया, जिससे अस्पताल परिसर में भय और तनाव का माहौल बन गया।
बताया जा रहा है कि इस घटना से करीब 15 घंटे पहले मंगलवार रात 11 बजे आर्थो सर्जरी वार्ड नंबर 3 में भी जूनियर डॉक्टरों और एक तीमारदार के बीच मारपीट हुई थी। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से मरीजों और उनके परिजनों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
घटना की सूचना मिलने पर मेडिकल चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और तीमारदारों को वहां से निकालकर चौकी ले गई।
सीओ गोरखनाथ रवि सिंह ने बताया कि अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत नहीं दी गई है। तहरीर मिलने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Location : Gorakhpur
Published : 14 May 2026, 2:09 PM IST
Topics : brd hospital controversy doctor patient clash Gorakhpur Junior doctors assault patient attendants beaten