Gorakhpur News: बाड़ हटाने पर भिड़े घरवाले, 70 साल के बुजुर्ग को लगा धक्का और फिर हो गई मौत! पुलिस जांच में जुटी

गोरखपुर के उरुवा थाना क्षेत्र के हुसैनपुर गांव में बांस की बाड़ हटाने को लेकर हुए घरेलू विवाद के बाद 70 वर्षीय रामराज की मौत हो गई। परिजनों ने धक्का देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होगी।

Gorakhpur: गोरखपुर के उरुवा थाना क्षेत्र के हुसैनपुर गांव में मंगलवार सुबह बांस की बाड़ हटाने को लेकर शुरू हुआ घरेलू विवाद देखते ही देखते बुजुर्ग की मौत में बदल गया। 70 वर्षीय रामराज की पहले कहासुनी हुई और फिर धक्का दिए जाने का आरोप है। जमीन पर गिरने के कुछ देर बाद उनकी तबीयत बिगड़ी और उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया है।

बांस की बाड़ हटाने से शुरू हुआ विवाद

मामला उरुवा थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत धुरियापार के राजस्व ग्राम हुसैनपुर का है। मृतक की पहचान 70 वर्षीय रामराज पुत्र मंगरू के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, रामराज ने अपने घर के बगल में जानवरों को रोकने के लिए बांस की बाड़ लगा रखी थी। मंगलवार सुबह इसी बांस की बाड़ को लेकर परिवार में विवाद हो गया। मृतक की पत्नी लाली की ओर से पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया गया है कि रामराज की पतोहू राजमती पत्नी श्रीराम ने बांस की बाड़ हटा दी थी। जब रामराज को इसकी जानकारी हुई तो उन्होंने राजमती से नाराजगी जताई।

छत पर सोता रहा परिवार, नीचे चोरों ने काट दिया ताला… गोरखपुर में 1 लाख कैश और लाखों के जेवर ले उड़े

तहरीर में धक्का देने का आरोप

रामराज की पत्नी लाली ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि विवाद के दौरान राजमती और उसके पुत्र सूरज ने रामराज के साथ झगड़ा किया। आरोप है कि इसी दौरान उन्हें धक्का दे दिया गया। धक्का लगने के बाद रामराज जमीन पर गिर पड़े। हालांकि, कुछ देर बाद वह उठकर दरवाजे तक आ गए। परिजनों के मुताबिक, इसके बाद अचानक उन्हें चक्कर आया और वह दोबारा जमीन पर गिर पड़े। कुछ ही देर बाद उनकी मौत हो गई।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस

वृद्ध की मौत की सूचना मिलते ही उरुवा पुलिस सक्रिय हो गई। क्षेत्राधिकारी गोला और इंस्पेक्टर उरुवा श्याम देव चौधरी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और परिजनों से पूरे मामले की जानकारी ली। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया।

गोरखपुर से रोजी रोटी कमाने गया था युवक, UAE में हुई संदिग्ध मौत, शव लाने के लिए सरकारी सिस्टम बन रहा जंजाल

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज

रामराज की मौत को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। परिवार की ओर से धक्का दिए जाने का आरोप लगाया गया है, लेकिन उनकी मौत की वास्तविक वजह क्या रही, यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस ने शव का पंचनामा भरवाने के बाद पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह सामने आने के बाद पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी।

तहरीर के आधार पर जांच में जुटी पुलिस

इंस्पेक्टर उरुवा श्याम देव चौधरी ने बताया कि घटना के संबंध में तहरीर प्राप्त हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Gorakhpur

Published :  18 August 2026, 6:26 PM IST

Related News

Advertisement