Balrampur News: 4 महीने पहले दफन हुआ था राजेश, मां को मौत पर था शक… कोर्ट के आदेश पर कब्र खोली तो मचा हड़कंप

बलरामपुर के रमईडीह गांव में चार महीने पहले दफनाए गए राजेश शिल्पकार के शव को मंगलवार को प्रशासन और पुलिस की मौजूदगी में कब्र से बाहर निकाला गया। मृतक की मां ने बेटे की मौत को स्वाभाविक मानने से इनकार करते हुए हत्या की आशंका जताई थी। मामले में अदालत का दरवाजा खटखटाने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट से साफ होगा कि राजेश की मौत आखिर कैसे हुई थी।

Balrampur: बलरामपुर के कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के रमईडीह गांव में मंगलवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में करीब चार महीने पहले दफनाए गए एक व्यक्ति के शव को कब्र से बाहर निकाला गया। मामला संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत और हत्या की आशंका से जुड़ा है।

एक अप्रैल की रात हुई थी राजेश की मौत

मृतक की पहचान रमईडीह निवासी लखराजी उर्फ दुरुपता के 40 वर्षीय बेटे राजेश शिल्पकार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि राजेश बलरामपुर नगर स्थित काशीराम आवास कॉलोनी में रहता था। बीते एक अप्रैल की रात उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। आरोप है कि उस समय उसके साथ मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दिए बिना ही शव को पैतृक गांव ले जाकर दफना दिया।

बलरामपुर में 3 बीघे जमीन को लेकर खूनी खेल, अपनों ने ही अपनों पर बोला हमला; एक की मौत

मां ने जताई हत्या की आशंका

बेटे की अचानक मौत और उसके बाद बिना पुलिस को सूचना दिए शव दफन किए जाने से राजेश की मां को संदेह हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके बेटे की मौत स्वाभाविक नहीं थी, बल्कि उसकी हत्या की गई हो सकती है। मां ने मामले की जांच कराने और बेटे के शव का पोस्टमार्टम कराने की मांग की। जब स्थानीय स्तर पर उन्हें अपेक्षित कार्रवाई नहीं मिली तो उन्होंने अदालत का दरवाजा खटखटाया।

अधिकारियों की मौजूदगी में हुई खुदाई

मंगलवार दोपहर प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी रमईडीह गांव पहुंचे। एसडीएम बलरामपुर सदर संजय यादव, क्षेत्राधिकारी डीके श्रीवास्तव और स्थानीय पुलिस बल की मौजूदगी में कब्र की खुदाई कराई गई। काफी समय पहले दफनाए गए शव को निर्धारित प्रक्रिया के तहत बाहर निकाला गया। मौके पर लोगों की भीड़ भी जमा हो गई। पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए शव को कब्जे में लिया।

बलरामपुर में जिसका था खौफ, पुलिस ने उसे फिल्मी अंदाज में दबोचा; नेपाल भागने से पहले पकड़ा गया

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज

करीब चार महीने बाद शव कब्र से बाहर निकाले जाने के बाद अब सबसे बड़ा सवाल राजेश की मौत की वजह को लेकर है। पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक जांच से यह पता लगाने की कोशिश की जाएगी कि मौत सामान्य परिस्थितियों में हुई थी या उसके शरीर पर किसी तरह की चोट या अन्य ऐसे साक्ष्य मौजूद हैं, जो हत्या की आशंका की पुष्टि कर सकें।

रिपोर्ट के आधार पर होगी कार्रवाई

मामले में पुलिस का कहना है कि फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद उसमें सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Balrampur

Published :  18 August 2026, 4:03 PM IST

Related News

Advertisement