Gorakhpur News: स्कूली बच्चों के रास्ते में मौत के गड्ढे! 2-3 फीट गहरी सड़क बनी जानलेवा, ग्रामीणों का फूटा आक्रोश

गोरखपुर के सहजनवा क्षेत्र में रामपुर टोला प्राणपुर से गुलटही जाने वाली जर्जर सड़क को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। सड़क पर दो से तीन फीट तक गहरे गड्ढे होने से राहगीरों और स्कूली बच्चों को परेशानी हो रही है। ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर जल्द मरम्मत की मांग की और आंदोलन की चेतावनी दी।

Gorakhpur: गोरखपुर के सहजनवा विकासखंड में सड़क की बदहाली को लेकर मंगलवार को ग्रामीणों का गुस्सा सड़क पर दिखाई दिया। रामपुर टोला प्राणपुर से गुलटही जाने वाली सड़क पर जगह-जगह बने गहरे गड्ढों और बदहाल रास्ते से परेशान करीब दो दर्जन ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का आरोप है कि लंबे समय से सड़क की मरम्मत नहीं हुई है और अब हालात इतने खराब हो चुके हैं कि इस रास्ते से गुजरना किसी खतरे से कम नहीं है। खासकर बारिश के बाद सड़क पर बने गड्ढों में पानी भर जाने से हादसे का खतरा और बढ़ गया है।

सड़क पर दो से तीन फीट तक गहरे गड्ढे

रामपुर टोला प्राणपुर से गुलटही जाने वाला यह मार्ग आसपास के करीब आधा दर्जन गांवों के लोगों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। ग्रामीणों के मुताबिक, लंबे समय से मरम्मत के अभाव में सड़क पूरी तरह जर्जर हो चुकी है। जगह-जगह दो से तीन फीट तक गहरे गड्ढे बन गए हैं। हालात यह हैं कि वाहन चालकों को सड़क पर गड्ढों से बचते हुए किसी तरह निकलना पड़ता है।

बारिश के बाद और खतरनाक हो जाती है सड़क

ग्रामीणों के मुताबिक बारिश के दौरान इस सड़क की स्थिति और ज्यादा खराब हो जाती है। गहरे गड्ढों में पानी भर जाने के बाद उनकी वास्तविक गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता। ऐसे में बाइक और साइकिल सवार कई बार हादसे का शिकार हो चुके हैं।

छत पर सोता रहा परिवार, नीचे चोरों ने काट दिया ताला… गोरखपुर में 1 लाख कैश और लाखों के जेवर ले उड़े

स्कूली बच्चों पर मंडरा रहा हादसे का खतरा

ग्रामीणों ने बताया कि इस मार्ग से बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे भी आते-जाते हैं। सड़क पर बने गड्ढों की वजह से बच्चों को काफी सावधानी से निकलना पड़ता है। कई बार बच्चे और अन्य राहगीर गड्ढों में गिरकर चोटिल भी हो चुके हैं।

कई बार शिकायत, फिर भी नहीं हुआ समाधान

प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क की बदहाली को लेकर संबंधित विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों से कई बार शिकायत की जा चुकी है। इसके बावजूद अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया।

गोरखपुर से रोजी रोटी कमाने गया था युवक, UAE में हुई संदिग्ध मौत, शव लाने के लिए सरकारी सिस्टम बन रहा जंजाल

सड़क पर उतरे ग्रामीण

सड़क की मरम्मत की मांग को लेकर मंगलवार को करीब दो दर्जन ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व पूर्व विधानसभा प्रत्याशी दिलीप कुमार मौर्या, गब्बूलाल प्रजापति और राजनाथ राव ने किया। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से मांग की कि सड़क का तत्काल निरीक्षण कराया जाए और गुणवत्तापूर्ण तरीके से इसकी मरम्मत कराई जाए।

कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी

ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द सड़क की मरम्मत शुरू नहीं हुई तो वे बड़े आंदोलन के लिए मजबूर होंगे। उनका कहना है कि यह मार्ग कई गांवों को जोड़ता है और रोजाना बड़ी संख्या में लोग इसका इस्तेमाल करते हैं। ऐसे में सड़क की अनदेखी हजारों लोगों के लिए परेशानी का कारण बन रही है। प्रदर्शन में इंद्रेश सिंह, गिरीश रावत, दुर्गेश कुमार, श्यामलाल, कुशल, जितन, उर्मिला, प्रेमलता, निर्मला, लीलावती, रामदास, फूलचंद, राम सकल और राम भवन समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Location :  Gorakhpur

Published :  18 August 2026, 5:03 PM IST

Related News

Advertisement