छत पर सोता रहा परिवार, नीचे चोरों ने काट दिया ताला… गोरखपुर में 1 लाख कैश और लाखों के जेवर ले उड़े

गोरखपुर के खजनी थाना क्षेत्र में चोरी की बढ़ती घटनाओं से ग्रामीणों में दहशत बढ़ती जा रही है। ढडौना गांव में चोरों ने रात के अंधेरे में घर का मुख्य दरवाजा काटकर अंदर प्रवेश किया और बक्से का कुंडा तोड़कर करीब एक लाख रुपये नकद समेत लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। घटना के बाद ग्रामीणों ने पुलिस की रात्रि गश्त पर सवाल उठाते हुए जल्द खुलासे की मांग की है।

Gorakhpur: गोरखपुर के खजनी इलाके में चोरों ने एक बार फिर पुलिस की रात्रि गश्त को चुनौती दे दी है। उनवल चौकी क्षेत्र के ढडौना गांव में सोमवार रात चोरों ने एक घर को निशाना बनाया। परिवार के लोग घर में मौजूद थे और छत पर सो रहे थे, लेकिन नीचे चोर बेखौफ होकर ताला काटते रहे।

छत पर सो रहा था परिवार

ढडौना निवासी उषा देवी पत्नी राम मिलन साहनी ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि वह रात में घर की छत पर सोई हुई थीं। इसी दौरान चोरों ने घर के मुख्य दरवाजे का ताला काट दिया। चोर घर के अंदर पहुंचे और कमरे में रखे बक्से को किसी भारी वस्तु से तोड़कर उसमें रखा सामान निकाल लिया। पीड़िता के मुताबिक, बक्से में करीब एक लाख रुपये नकद के अलावा सोने-चांदी के आभूषण रखे थे।

होटल या कुछ और? गोरखपुर में किशोरियों के इस्तेमाल का गंभीर आरोप, शिकायत पहुंची तो प्रशासन ने लिया बड़ा फैसला

112 पर दी गई सूचना

चोरी का पता चलते ही पीड़ित परिवार ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। बाद में मामले की जांच के लिए उनवल चौकी पुलिस भी मौके पर पहुंची। बताया गया कि मंगलवार दोपहर करीब दो बजे उनवल चौकी इंचार्ज ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने घर के आसपास की स्थिति देखी और स्थानीय लोगों से पूछताछ की।

लगातार हो रही चोरी से ग्रामीणों में दहशत

ढडौना गांव में हुई चोरी की इस घटना ने आसपास के ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। लोगों का कहना है कि खजनी क्षेत्र में चोरी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। ग्रामीणों के मुताबिक, चोर अलग-अलग इलाकों में अपना निशाना बना रहे हैं। पिछले सप्ताह महुआडाबर क्षेत्र के डूमरघाट ग्रामसभा में लगातार तीन घरों में चोरी की घटनाएं सामने आने की बात कही जा रही है। अब ढडौना में हुई वारदात ने लोगों की चिंता और बढ़ा दी है।

गोरखपुर से रोजी रोटी कमाने गया था युवक, UAE में हुई संदिग्ध मौत, शव लाने के लिए सरकारी सिस्टम बन रहा जंजाल

पुलिस की गश्त पर उठ रहे सवाल

ढडौना में जिस तरह चोरों ने घर का ताला काटकर वारदात को अंजाम दिया, उससे रात्रि गश्त पर सवाल खड़े हो रहे हैं। खास बात यह है कि चोरी के दौरान परिवार के लोग घर में ही मौजूद थे और छत पर सो रहे थे। ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस को रात में संवेदनशील इलाकों में गश्त बढ़ानी चाहिए। साथ ही चोरी की घटनाओं में शामिल पुराने अपराधियों और संदिग्ध लोगों पर भी नजर रखी जानी चाहिए।

Location :  Gorakhpur

Published :  18 August 2026, 3:44 PM IST

Related News

Advertisement