हिंदी
प्रतीकात्मक छवि ( Img: Google)
Gorakhpur: गोरखपुर के झंगहा थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक 17 वर्षीय किशोर का शव पेड़ से लटका मिला। घटना सावित्री इंडेन गैस एजेंसी के पास की बताई जा रही है, जहां स्थानीय लोगों ने सुबह एक पेड़ पर किशोर को लटका देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया। इसके बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए बीआरडी मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया। घटना के बाद इलाके में शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है।
मृतक की पहचान ब्रह्मपुर निवासी आदित्य चौहान के रूप में हुई है। उसकी मां सुनीता देवी ने बताया कि परिवार में तीन बेटियां और एक बेटा था। सोमवार सुबह घर में मामूली बात को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि बेटा नशे की हालत में घर आया और बहनों के साथ मारपीट करने लगा। जब उसे डांटा गया तो वह गुस्से में घर से निकल गया और खुद को नुकसान पहुंचाने की बात कहने लगा।
परिजनों के मुताबिक, पहले तो उसकी बात को गंभीरता से नहीं लिया गया, लेकिन कुछ देर बाद अचानक वह नजरों से ओझल हो गया। परिवार के लोग उसे तलाश ही रहे थे कि इसी बीच उसकी मौत की खबर मिल गई। सूचना मिलते ही घर में कोहराम मच गया। मां सुनीता देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने बताया कि अगर अंदाजा होता कि बेटा ऐसा कदम उठा सकता है, तो उसे अकेले जाने ही नहीं देतीं।
गोरखपुर: ऑनलाइन ठगी का शिकार पीड़ित को राहत, हरपुर बुदहट पुलिस ने लौटाए 14,608
परिवार ने यह भी बताया कि बेटे की शराब पीने की आदत को लेकर घर में अक्सर विवाद होता था। इसी कारण वह कुछ समय से गोरखपुर में किराए के मकान में रह रहा था।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिसके आधार पर आगे की स्थिति स्पष्ट होगी।
यह घटना न सिर्फ एक परिवार के लिए गहरा सदमा है, बल्कि समाज के लिए भी एक गंभीर चेतावनी है कि पारिवारिक तनाव और नशे की लत जैसे मुद्दों को समय रहते गंभीरता से समझना जरूरी है।
Location : Gorakhpur
Published : 20 April 2026, 12:20 PM IST
Topics : crime news Gorakhpur News up crime UP News