शादी से चंद घंटे पहले कॉन्स्टेबल दुल्हन छूमंतर, थोड़ी देर बाद आनी है बारात, पढ़ें मेरठ का ये गजब मामला

मेरठ के बहसूमा थाना क्षेत्र में शादी से कुछ घंटे पहले महिला कॉन्स्टेबल के लापता होने से सनसनी फैल गई। पिता ने हिस्ट्रीशीटर पर किडनैप का आरोप लगाया है, जबकि पुलिस का दावा है कि सिपाही अपनी मर्जी से गई है। मामले की जांच के लिए तीन टीमें लगाई गई हैं।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 8 February 2026, 7:02 PM IST
google-preferred

Meerut: मेरठ में अपराध और रिश्तों के उलझे तारों ने उस वक्त सनसनी फैला दी, जब शादी से ठीक कुछ घंटे पहले एक महिला कॉन्स्टेबल रहस्यमय हालात में लापता हो गई। घर में शादी की तैयारियां चल रही थी, मेहमानों के आने की हलचल थी और शाम को बारात पहुंचनी थी, लेकिन सुबह होते-होते सब कुछ बदल गया। महिला सिपाही के गायब होने की खबर फैलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और मामला सीधे थाने से लेकर पुलिस अधिकारियों तक पहुंच गया।

रविवार रात आनी थी बारात, सुबह लापता हुई सिपाही

घटना बहसूमा थाना क्षेत्र के ग्राम अकबरपुर सादान की है। यहां रहने वाली महिला कॉन्स्टेबल की रविवार रात शादी तय थी। वह अलीगढ़ के साइबर क्राइम थाने में तैनात है। 8 फरवरी को मीरापुर के गांव खेड़की से बारात आनी थी, लेकिन इससे पहले ही सुबह वह अचानक घर से गायब हो गई। परिजनों को जैसे ही इसकी जानकारी मिली, घर में कोहराम मच गया और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।

कानून से आंख-मिचौली खेल रहा था अपराधी, सोनभद्र पुलिस ने लिया ऐसा एक्शन, सभी बदमाशों में डर का माहौल

पिता ने लगाया हिस्ट्रीशीटर पर किडनैप का आरोप

महिला कॉन्स्टेबल के पिता ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने आरोप लगाया कि ढीकोली निवासी अंकित ठाकुर उनकी बेटी को किडनैप कर ले गया है। पिता का कहना है कि अंकित का आपराधिक इतिहास है और उनकी बेटी की जान को खतरा हो सकता है। शिकायत के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस का दावा, कॉल कर बोली- अपनी मर्जी से जा रही हूं

पुलिस के मुताबिक, जब परिवार थाने में मौजूद था, उसी दौरान महिला कॉन्स्टेबल ने घर के एक मोबाइल नंबर पर कॉल किया। उसने कहा कि वह अपनी मर्जी से जा रही है और किसी को परेशान होने की जरूरत नहीं है। उसने यह भी कहा कि वह बालिग है और अपने फैसले खुद ले सकती है। हालांकि, परिजन इस बात को मानने से इनकार कर रहे हैं और इसे दबाव में दिया गया बयान बता रहे हैं।

तीन टीमें गठित, कॉल डिटेल से मिले अहम सुराग

सीओ पंकज लवानिया ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए तीन पुलिस टीमें गठित की गई हैं। महिला कॉन्स्टेबल और आरोपी अंकित के मोबाइल की कॉल डिटेल्स निकाली गई हैं, जिसमें दोनों के बीच बातचीत के सबूत मिले हैं। पुलिस लोकेशन ट्रेस कर दोनों की तलाश में जुटी है।

गाजियाबाद ट्रिपल सुसाइड: हादसे के वक्त तीसरी औरत के साथ था बच्चियों का पिता, फ्लैट नंबर 907 की कहानी बनी सिरदर्द

मवाना थाने का हिस्ट्रीशीटर है आरोपी अंकित

आरोपी अंकित ठाकुर मवाना थाने का हिस्ट्रीशीटर है। मई 2025 में वह शराब ठेके की लूट के मामले में मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार हुआ था, जिसमें उसके पैर में गोली लगी थी। कुछ समय पहले ही वह जेल से बाहर आया है।

परिवार सदमे में, पिता की तबीयत बिगड़ी

बेटी के लापता होने से परिवार गहरे सदमे में है। बताया जा रहा है कि महिला कॉन्स्टेबल के पिता को सीने में दर्द की शिकायत हुई, जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया। घर में मातम जैसा माहौल है, वहीं लड़के पक्ष और रिश्ता कराने वाले व्यक्ति से भी लगातार संपर्क किया जा रहा है।

Location : 
  • Meerut

Published : 
  • 8 February 2026, 7:02 PM IST

Advertisement
Advertisement