हिंदी
सोनभद्र के बीजपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने जिला बदर हिस्ट्रीशीटर और टॉप-टेन अपराधी रंजीत सिंह को बकरहिवा मोड़ से गिरफ्तार किया। आरोपी जिला बदर की अवधि के दौरान जिले में मौजूद था। पुलिस अब उसके खिलाफ सख्त विधिक कार्रवाई कर रही है।
सोनभद्र पुलिस ने एक कुख्यात हिस्ट्री-शीटर को गिरफ्तार किया
Sonbhadra News: सोनभद्र में अपराध की दुनिया से एक बार फिर सनसनीखेज खबर सामने आई है। कानून से बचने और पुलिस की नजरों से ओझल रहने की कोशिश कर रहा एक शातिर अपराधी आखिरकार पकड़ में आ ही गया। जिला बदर की सख्त कार्रवाई के बावजूद जिले में घूम रहा हिस्ट्रीशीटर पुलिस के लिए खुली चुनौती बना हुआ था, लेकिन बीजपुर पुलिस ने वक्त रहते उसे दबोच लिया। यह गिरफ्तारी न सिर्फ पुलिस की सतर्कता दिखाती है, बल्कि उन अपराधियों के लिए भी सख्त संदेश है जो कानून को हल्के में लेते हैं।
जिला बदर होकर भी जिले में मौजूद था रंजीत सिंह
बीजपुर थाना क्षेत्र का कुख्यात हिस्ट्रीशीटर और टॉप-टेन अपराधी रंजीत सिंह उत्तर प्रदेश गुण्डा नियंत्रण अधिनियम के तहत जिला बदर किया गया था। नियमों के मुताबिक उसे तय अवधि तक सोनभद्र की सीमा से बाहर रहना था, लेकिन वह इस आदेश को नजरअंदाज करते हुए चुपचाप जिले में मौजूद था। पुलिस के लिए यह सीधा कानून उल्लंघन था, जिस पर सख्त कार्रवाई जरूरी हो गई थी।
मुखबिर की सूचना पर बकरहिवा मोड़ से गिरफ्तारी
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देश पर चल रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत बीजपुर पुलिस संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक जिला बदर अभियुक्त बकरहिवा मोड़ पर घूम रहा है। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष बीजपुर अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घेराबंदी कर दोपहर करीब 1:30 बजे रंजीत सिंह को धर दबोचा।
हिस्ट्रीशीटर और टॉप-टेन अपराधी है आरोपी
गिरफ्तार आरोपी रंजीत सिंह निवासी धरतीड़ाड थाना बीजपुर और थाना बीजपुर का हिस्ट्रीशीटर है। जिसका एचएस नंबर 23ए दर्ज है। वह टॉप-टेन अपराधियों की सूची में भी शामिल है। उसके खिलाफ मारपीट, धमकी, छेड़छाड़ और आईटी एक्ट से जुड़े कई गंभीर मुकदमे पहले से दर्ज हैं।