हिंदी
गाजियाबाद में तीन बहनों की मौत के मामले में पिता के बयान, अलग कमरे की सच्चाई और बच्चों की डायरी ने जांच को नई दिशा दे दी है। पुलिस हर एंगल से केस की पड़ताल कर रही है।
गाजियाबाद ट्रिपल सुसाइड:
Ghaziabad: गाजियाबाद की एक हाईराइज सोसाइटी में तीन मासूम बहनों की मौत ने पूरे शहर को झकझोर दिया है। रात के सन्नाटे में हुई इस दर्दनाक घटना के बाद कहानी जितनी आगे बढ़ रही है, उतनी ही उलझती जा रही है। पुलिस की जांच में पिता के बयान बदलते नजर आ रहे हैं, घर के कमरों की दूरी सवाल खड़े कर रही है और बच्चों की लिखी डायरी हर किसी को बेचैन कर रही है।
क्या बोले पिता और क्या निकला सच
तीन बहनों की मौत के बाद पुलिस ने पिता चेतन और उनकी तीनों पत्नियों के बयान दर्ज किए। शुरुआती बयान में चेतन ने कहा था कि वह सुजाता, हिना, टीना और बच्चों के साथ एक ही कमरे में सो रहा था। लेकिन जांच आगे बढ़ी तो सच्चाई कुछ और ही निकली। जिस वक्त बच्चियों ने पूजा वाले कमरे की बालकनी से छलांग लगाई, चेतन अपनी तीसरी पत्नी टीना के साथ अलग कमरे में मौजूद था। यही नहीं, यह भी सामने आया कि चेतन ने टीना से कोर्ट में रजिस्टर्ड मैरिज की है।
पूजा वाला कमरा और बालकनी का सवाल
पुलिस के मुताबिक तीनों बहनों ने पूजा वाले कमरे की बालकनी से छलांग लगाई। यही वह जगह है जहां से सुसाइड की थ्योरी को लेकर कई सवाल खड़े हुए। क्या सच में वहां से तीनों बच्चियां एक साथ कूद सकती थीं, इस एंगल पर भी जांच की जा रही है।
डायरी के आठ पन्ने और अनकही बातें
बच्चियों के कमरे से एक पॉकेट डायरी मिली है, जिसके आठ पन्नों पर निशिका, प्राची और पाखी की बातें और शिकायतें लिखी मिलीं। पुलिस ने इसे सुसाइड नोट माना है, लेकिन अभी तक यह साफ नहीं हो पाया कि इन पन्नों को किसने लिखा। अब इन पन्नों की राइटिंग एक्सपर्ट से जांच कराई जाएगी। इसके लिए पुलिस बच्चियों के स्कूलों से संपर्क कर रही है, ताकि उनकी लिखावट के पुराने सैंपल मिल सकें।
महिला आयोग भी मौके पर
7 फरवरी की शाम राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष बबीता चौहान भारत सिटी सोसाइटी पहुंचीं। उन्होंने फ्लैट नंबर 907 का मुआयना किया और पुलिस की मौजूदगी में यह समझने की कोशिश की कि क्या उस खिड़की से सुसाइड संभव है। इस दौरान उन्होंने परिवार के लोगों से भी बातचीत की।
बदलती वजहें और बढ़ता शक
3 फरवरी की रात हुई इस घटना के बाद पिता चेतन सुसाइड की वजहें बदलते रहे। पहले कोरियन गेम की टास्क का हवाला दिया गया, फिर कोरियन मूवी और रील्स की लत की बात कही गई। यहां तक कहा गया कि मोबाइल छीन लिया था और सुधरने की चेतावनी दी गई थी। लेकिन इन दावों के बीच डायरी के पन्ने और कमरे की सच्चाई कई नए सवाल छोड़ गए हैं।