नोएडा में बड़ा हादसा: सातवीं मंजिल से गिरकर दो लोगों की मौत, ठेकेदार और सुपरवाइजर हिरासत में

नोएडा सेक्टर-142 में निर्माणाधीन इमारत की सातवीं मंजिल से गिरने से दो मजदूरों की मौत हो गई, जबकि एक घायल का इलाज जारी है। पुलिस ने ठेकेदार और सुपरवाइजर को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 8 February 2026, 3:50 PM IST
google-preferred

नोएडा के सेक्टर-142 इलाके में रविवार को एक निर्माणाधीन इमारत पर काम के दौरान हुआ दर्दनाक हादसा दो मजदूरों की जान ले गया। सातवीं मंजिल से गिरने की घटना ने मौके पर अफरा-तफरी मचा दी और सुरक्षा इंतजामों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए। आनन-फानन में घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन दो कामगारों को बचाया नहीं जा सका। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए ठेकेदार और सुपरवाइजर को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।

सातवीं मंजिल से गिरने से मची अफरा-तफरी

घटना सेक्टर-142 थाना क्षेत्र स्थित एडवंट बिल्डिंग के पीछे बन रही एक निर्माणाधीन इमारत में हुई। जानकारी के मुताबिक, शटरिंग गिरने के कारण सातवीं मंजिल पर काम कर रहे तीन मजदूर अचानक नीचे आ गिरे। हादसा इतना भयावह था कि आसपास मौजूद अन्य मजदूरों में चीख-पुकार मच गई और तुरंत पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी गई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और तीनों घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने दो मजदूरों को मृत घोषित कर दिया, जबकि तीसरे घायल मजदूर का इलाज जारी है।

मृतकों की पहचान, जांच शुरू

डीसीपी सेंट्रल नोएडा शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि मृत मजदूरों की पहचान झारखंड के दुमका जिले के बनियारा गांव निवासी सेबु और बिहार के बांका जिले के शहसन गांव निवासी मंटू सिंह के रूप में हुई है। वहीं मिथुन नाम का तीसरा मजदूर घायल है और उसका उपचार चल रहा है। पुलिस ने प्रारंभिक जांच के बाद लापरवाही की आशंका को देखते हुए ठेकेदार और साइट सुपरवाइजर को हिरासत में ले लिया है। अधिकारियों का कहना है कि यह पता लगाया जा रहा है कि निर्माण स्थल पर सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं।

सुरक्षा इंतजामों पर उठे सवाल

निर्माणाधीन इमारतों पर लगातार हो रहे हादसे मजदूरों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करते हैं। इस मामले में भी यह जांच का विषय है कि क्या मजदूरों को सेफ्टी बेल्ट, हेलमेट और अन्य जरूरी सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराए गए थे। पुलिस ने कहा है कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Location : 
  • Noida

Published : 
  • 8 February 2026, 3:50 PM IST

Advertisement
Advertisement