Fatehpur crime: दरिंदगी की हदें पार, शराब के लिए मां को उतारा मौत के घाट

उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले के मालवा थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। शराब के लिए रुपये न मिलने पर एक युवक ने अपनी ही मां पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया, जिससे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पिता की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई जारी है।

Post Published By: Bobby Raj
Updated : 12 February 2026, 5:54 PM IST
google-preferred

Fatehpur: जिले के मालवा थाना क्षेत्र के बरमतपुर गांव में रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना ने पूरे इलाके को दहला दिया। गांव निवासी रामचंद्र रैदास, जो मालवा थाने में होमगार्ड के पद पर तैनात हैं, उनके बड़े बेटे अरविंद कुमार ने अपनी ही मां माया देवी की हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि अरविंद शराब का आदी है और आए दिन अपनी मां से शराब के लिए रुपये मांगता था।

घटना के दिन शाम करीब चार बजे अरविंद नशे की हालत में घर पहुंचा और मां से पैसे मांगने लगा। माया देवी ने रुपये देने से इनकार कर दिया। इसी बात से नाराज होकर अरविंद ने घर में खड़ी मोटरसाइकिल के सॉकर को उठाया और मां पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। रॉड से किए गए वार में माया देवी गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ीं।

इलाज के दौरान मौत

हमले के बाद माया देवी की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। खून से लथपथ हालत में उन्हें तड़पता देख पड़ोसियों के होश उड़ गए। बताया गया कि अरविंद नशे की हालत में ही मां को तड़पता हुआ देखता रहा और वहीं बैठा रहा। जब लोग जुटने लगे तो वह मौके से फरार हो गया।

दूरदर्शन की मशहूर एंकर सरला माहेश्वरी का निधन, ‘गोल्डन एरा’ को इतनी उम्र में कहा अलविदा

गंभीर हालत में माया देवी को परिजन और ग्रामीण आनन-फानन में जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें कानपुर के हैलट अस्पताल रेफर कर दिया। कानपुर में इलाज के दौरान माया देवी ने दम तोड़ दिया। इस दर्दनाक घटना से गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है।

पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

मृतका के देवर शिव पूजन ने बताया कि अरविंद अक्सर शराब के लिए घर में विवाद करता था। इस बार विवाद इतना बढ़ गया कि उसने मां की जान ले ली। घटना की सूचना मिलते ही मालवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि मृतका के पति रामचंद्र रैदास की तहरीर पर आरोपी अरविंद कुमार के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी को दीवान का पूर्व मोड़ नहर पुलिया के पास से गिरफ्तार कर लिया है।

Deoria News: फर्जी दस्तावेज से ये बड़ा आरोप, IPS अमिताभ ठाकुर को मिली बेल

शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। इस घटना ने न सिर्फ परिवार को तोड़ दिया है, बल्कि समाज को भी झकझोर कर रख दिया है, जहां शराब की लत ने एक बेटे को अपनी ही मां का हत्यारा बना दिया।

 

Location : 
  • Fatehpur

Published : 
  • 12 February 2026, 5:54 PM IST

Advertisement
Advertisement