राष्ट्रीय आविष्कार अभियान में चमका छात्रों का वैज्ञानिक हुनर, रसोइया प्रतियोगिता में भी दिखी प्रतिभा

महराजगंज में राष्ट्रीय आविष्कार अभियान और रसोईया पाक कला प्रतियोगिता के तहत जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन महालक्ष्मी लॉन में किया गया, जिसमें छात्रों ने विज्ञान मॉडल और क्विज प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

महराजगंज: उच्च प्राथमिक विद्यालयों के छात्र-छात्राओं में जिज्ञासा आधारित शिक्षा को बढ़ावा देने तथा वैज्ञानिक सोच विकसित करने के उद्देश्य से राष्ट्रीय आविष्कार अभियान कार्यक्रम और रसोईया पाक कला प्रतियोगिता के अंतर्गत जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन महालक्ष्मी लॉन में भव्य रूप से किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी, जिला सूचना अधिकारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी तथा डायट प्रवक्ताओं की उपस्थिति में किया गया।

 पांच प्रतिभागियों का चयन 

राष्ट्रीय आविष्कार अभियान के अंतर्गत आयोजित क्विज प्रतियोगिता में जनपद के सभी ब्लॉकों से 100 विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता दो चरणों में संपन्न हुई, जिसमें चयनित 10 छात्रों के साक्षात्कार के बाद शीर्ष पांच प्रतिभागियों का चयन किया गया। विज्ञान मॉडल प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पर तावल की गरिमा रहीं, जिन्होंने जीवन रक्षक छड़ी और सुसाइड अलार्म का मॉडल प्रस्तुत किया। द्वितीय स्थान पनियार की अनुष्का को मिला, जिन्होंने स्मार्ट स्कूल का मॉडल बनाया। तृतीय स्थान घुघली के अभिषेक को लिफ्ट सुरक्षा प्रणाली के लिए प्राप्त हुआ।

 रिवर क्लीनर मॉडल

चतुर्थ स्थान सिसवा के विवेक को ऑटोमेटिक टोलगेट मॉडल के लिए तथा पंचम स्थान घुघली के अंकित को रिवर क्लीनर मॉडल के लिए मिला। मॉडलों का मूल्यांकन डायट प्रवक्ता सुनील भारती, प्रवक्ता प्रियंका एवं दिनेश कुमार गुप्ता द्वारा किया गया।क्विज प्रतियोगिता में प्रथम स्थान अभिषेक सहानी (कंपोजिट विद्यालय बरवा खुर्द), द्वितीय स्थान अंकित कुमार (उच्च प्राथमिक विद्यालय कुसहा, बृजमनगंज), तृतीय स्थान रितिका निषाद (कंपोजिट विद्यालय बरगदवा), चतुर्थ स्थान रामकेश गोंड (कंपोजिट विद्यालय खैराठी, नौतनवा) और पंचम स्थान अमित वर्मा (उच्च प्राथमिक विद्यालय बरवा राजा, मिठौरा) को प्राप्त हुआ।

प्रतियोगिता में कुल 50 रसोईयों ने लिया भाग

कार्यक्रम में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रिद्धि पांडेय ने बच्चों को वैज्ञानिक नवाचार के लिए प्रेरित करते हुए स्मार्ट क्लास और आईसीटी लैब निर्माण से जुड़े प्रस्तावों की जानकारी दी। रसोईया पाक कला प्रतियोगिता में कुल 50 रसोईयों ने भाग लिया, जिसमें प्राथमिक विद्यालय मोहनगढ़ बृजमनगंज के रसोईया बर्फीलाल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। द्वितीय स्थान कंपोजिट विद्यालय बड़हरा खास सदर की जिनकी देवी और तृतीय स्थान कंपोजिट विद्यालय कला खुर्द केवलापुर खुर्द की चंपा देवी को मिला।

इसके साथ ही “हमारे आंगन हमारे बच्चे” कार्यक्रम के तहत श्रेष्ठ नोडल शिक्षक, नोडल शिक्षक संकुल, आंगनबाड़ी कार्यकत्री, सुपरवाइजर और बालवाटिका संचालकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।कार्यक्रम के सफल आयोजन में एसआरजी लवकुश वर्मा, सत्य प्रकाश वर्मा, के.एम. पटेल, एआरपी पंकज मौर्य, अंभोज मिश्र, जितेंद्र सिंह, संजय शुक्ला, अवनीश उपाध्याय, पंकज गुप्ता सहित अनेक शिक्षकों एवं अधिकारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

 

Location : 
  • Maharajganj

Published : 
  • 12 February 2026, 7:08 PM IST

Advertisement
Advertisement