Gonda: शादी में जा रहा परिवार हादसे का शिकार, मां-बेटे की मौके पर मौत, पति ने अस्पताल में तोड़ा दम

गोंडा जिले के नवाबगंज-कटरा मार्ग पर रविवार को दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। बस्ती से शादी समारोह में शामिल होने जा रहे दंपती और उनके बेटे को पीछे से आए दुग्ध टैंकर ने टक्कर मार दी। हादसे में मां और बेटे की मौके पर मौत हो गई, जबकि घायल पति ने अस्पताल में दम तोड़ दिया।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 3 May 2026, 5:26 PM IST
google-preferred

Gonda: गोंडा जिले के नवाबगंज क्षेत्र में रविवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। शादी समारोह में शामिल होने जा रहा एक परिवार रास्ते में ही हादसे का शिकार हो गया। तेज रफ्तार दुग्ध टैंकर की टक्कर ने कुछ ही सेकंड में तीन जिंदगियां खत्म कर दीं। हादसे के बाद सड़क पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग मदद के लिए दौड़ पड़े। नवाबगंज-कटरा मार्ग पर कनकपुर गांव के पास हुआ यह हादसा इतना भयावह था कि मौके पर मौजूद लोग भी दहल गए। सड़क पर बिखरी बाइक, घायल लोग और चीखते परिजन पूरे मंजर को दर्दनाक बना रहे थे।

शादी में शामिल होने जा रहा था परिवार

जानकारी के मुताबिक बस्ती जिले के कलवारी थाना क्षेत्र के गंगापुर गांव निवासी 42 वर्षीय मान सिंह अपनी पत्नी उर्मिला और 15 वर्षीय बेटे लवकुश के साथ बाइक से बहराइच जा रहे थे। परिवार ग्यारह सौरेती गांव में रिश्तेदारी में होने वाली शादी में शामिल होने के लिए निकला था। रविवार दोपहर जब वे नवाबगंज-कटरा मार्ग पर कनकपुर गांव के पास पहुंचे, तभी पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे दुग्ध से भरे टैंकर ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार तीनों लोग सड़क पर दूर जा गिरे।

बिजली बिल और कटौती पर AAP ने खोला मोर्चा, नोएडा में बड़ा प्रदर्शन

मौके पर मां-बेटे की मौत

हादसे के बाद सड़क पर अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर के तुरंत बाद टैंकर की चपेट में आने से उर्मिला और बेटे लवकुश की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। मान सिंह गंभीर रूप से घायल अवस्था में सड़क पर पड़े रहे। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने इलाज शुरू किया, लेकिन उनकी हालत बेहद गंभीर थी। कुछ देर बाद इलाज के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया।

चालक फरार, पुलिस जांच में जुटी

हादसे के बाद टैंकर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर टैंकर को कब्जे में ले लिया है। हादसे के कारण कुछ देर के लिए सड़क पर यातायात भी प्रभावित रहा। थानाध्यक्ष अभय सिंह ने बताया कि दुर्घटना में पति-पत्नी और बेटे की मौत हुई है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी गई है।

गोरखपुर : मोबाइल दुकान में बड़ी चोरी, रेलवे स्टेशन तक पहुंची जांच, पढ़िए पूरा मामला

गांव में पसरा मातम

एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत की खबर जैसे ही गांव पहुंची, वहां मातम छा गया। रिश्तेदार और गांव के लोग इस घटना से सदमे में हैं। जिस परिवार ने शादी की खुशी में सफर शुरू किया था, वह घर वापस नहीं लौट सका।

Location :  Gonda

Published :  3 May 2026, 5:26 PM IST

Advertisement