हिंदी
राष्ट्रपति के नाम सौंपा गया ज्ञापन
Noida : स्मार्ट मीटर को लेकर सियासी घमासान तेज होता दिखाई दे रहा है। बिजली बिल, कटौती और प्रीपेड सिस्टम को लेकर बढ़ते विरोध के बीच आम आदमी पार्टी ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने जिला विद्युत उपकेंद्र पर प्रदर्शन करते हुए स्मार्ट मीटर योजना को डिजिटल लूट करार दिया और इसे आम जनता के लिए परेशानी का कारण बताया। प्रदर्शन के दौरान सरकार विरोधी नारे लगे और राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन प्रशासन को सौंपा गया।
शनिवार को आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व और राज्यसभा सांसद संजय सिंह के आवाह्न पर प्रदेशभर में जिला विद्युत उपकेंद्रों पर विरोध प्रदर्शन किया गया। इसी क्रम में गौतम बुद्ध नगर में भी बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता जुटे और स्मार्ट मीटर व्यवस्था के खिलाफ आवाज बुलंद की।
कार्यकर्ताओं ने हाथों में बैनर और तख्तियां लेकर बिजली विभाग और सरकार पर आरोप लगाए कि स्मार्ट मीटर योजना लोगों की जेब पर बोझ बन गई है। प्रदर्शन के दौरान “जनता पर डिजिटल लूट बंद करो” और “स्मार्ट मीटर हटाओ” जैसे नारे लगाए गए।
प्रदर्शन के दौरान जिलाध्यक्ष परशुराम चौधरी ने कहा कि स्मार्ट मीटर योजना पूरी तरह फेल हो चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि बैलेंस खत्म होते ही बिजली तुरंत काट दी जाती है, लेकिन रिचार्ज के बाद घंटों तक बिजली बहाल नहीं होती।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में लाखों लोग गलत बिलिंग, तेजी से बैलेंस खत्म होने और बार-बार बिजली कटौती की समस्या से परेशान हैं। कई उपभोक्ताओं का बिजली बिल पहले की तुलना में कई गुना बढ़ गया है। जिससे आम लोगों पर आर्थिक दबाव बढ़ा है।
परशुराम चौधरी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में लगाए जा रहे 4G स्मार्ट मीटर किसानों के लिए नई परेशानी बनते जा रहे हैं। नलकूपों पर लगे मीटर नेटवर्क समस्या के कारण सही ढंग से काम नहीं कर रहे। बिजली बिल लगातार बढ़ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि इससे सिंचाई व्यवस्था प्रभावित हो रही है और किसान आर्थिक नुकसान झेल रहे हैं। ग्रामीण इलाकों में बिजली व्यवस्था पहले से ही कमजोर है, ऐसे में स्मार्ट मीटर ने मुश्किलें और बढ़ा दी हैं।
आम आदमी पार्टी ने ज्ञापन के जरिए स्मार्ट मीटर योजना की निष्पक्ष जांच कराने, दोषी अधिकारियों और कंपनियों पर कार्रवाई करने और उपभोक्ताओं को मुआवजा देने की मांग की है। पार्टी नेताओं ने चेतावनी दी कि अगर सरकार ने जल्द कोई फैसला नहीं लिया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। प्रदर्शन में पार्टी के कई पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Location : Noida
Published : 3 May 2026, 4:49 PM IST