गोरखपुर में सपा नेता के घर पर ताबड़तोड़ फायरिंग, आठ राउंड चली गोलियां; दहशत में मोहल्ला

सूत्रों के अनुसार इनमें एक स्थानीय नेता का बेटा भी शामिल है। दूसरा आरोपी हत्या के मामले में जमानत पर चल रहा बताया जा रहा है, जबकि तीसरा हत्या की कोशिश के आरोप में पहले नामजद रह चुका है। एक अन्य आरोपी की तलाश में दबिश जारी है।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 21 February 2026, 10:08 AM IST
google-preferred

Gorakhpur: गोरखपुर के कोतवाली थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात उस वक्त सनसनी फैल गई, जब बाइक सवार बदमाशों ने एक छात्र नेता के घर के बाहर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। करीब आठ राउंड चली गोलियों की आवाज से अलीनगर उत्तरी मोहल्ला दहल उठा। लोग डर के मारे अपने-अपने घरों में दुबक गए। आरोप है कि विरोध करने पर घर में मौजूद उनकी मां के साथ मारपीट भी की गई।

घर के बाहर रुके और शुरू कर दी फायरिंग

जानकारी के मुताबिक उज्ज्वल यादव, जो समाजवादी छात्र सभा से जुड़े पदाधिकारी बताए जा रहे हैं, फिलहाल शहर से बाहर हैं। घटना के समय घर पर उनकी मां संध्या, पिता अंबुज और दो बहनें मौजूद थीं। रात करीब 11:20 बजे दो बाइक पर सवार चार युवक घर के सामने पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बदमाश ट्रांसफार्मर के पास रुके और अचानक दाएं-बाएं दिशा में अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी।

मां से मारपीट का आरोप

परिजनों का आरोप है कि फायरिंग के दौरान आरोपियों ने उज्ज्वल की मां संध्या का मुंह दबाकर उनके साथ मारपीट की और धमकी भी दी। घटना के पीछे एक युवती से बातचीत को लेकर विवाद की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस अभी हर एंगल से जांच कर रही है।

पुलिस अफसर मौके पर, आठ खोखे बरामद

सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। एसपी सिटी अभिनव त्यागी, सीओ कोतवाली ओंकार दत्त और सीओ कैंट योगेंद्र सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। घटनास्थल से आठ खोखे बरामद किए गए हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान पुख्ता की जा सके।

तीन आरोपी हिरासत में, एक की तलाश जारी

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को हिरासत में लिया है। सूत्रों के अनुसार इनमें एक स्थानीय नेता का बेटा भी शामिल है। दूसरा आरोपी हत्या के मामले में जमानत पर चल रहा बताया जा रहा है, जबकि तीसरा हत्या की कोशिश के आरोप में पहले नामजद रह चुका है। एक अन्य आरोपी की तलाश में दबिश जारी है। पुलिस का कहना है कि अहम सुराग हाथ लगे हैं और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल इलाके में पुलिस बल तैनात है और स्थिति पर कड़ी नजर रखी जा रही है।

Location : 
  • Gorakhpur

Published : 
  • 21 February 2026, 10:08 AM IST

Advertisement
Advertisement