हिंदी
देवरिया में गौरीबाजार-रुद्रपुर मार्ग पर हुए सड़क हादसे में बलिया निवासी टोलकर्मी रणजीत बहादुर सिंह की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच कर रही है।
Road Accident
Deoria: देवरिया में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा। जिले में यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई नजर आ रही है। हालात ऐसे हैं कि सड़कों पर हर दूसरे दिन हादसे की खबर सामने आ रही है। गुरुवार की रात एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में बलिया जनपद के एक टोलकर्मी की जान चली गई। इलाज के दौरान उसने महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज में दम तोड़ दिया, जिसके बाद परिवार में कोहराम मच गया।
शादी से लौटते वक्त हुआ हादसा
मृतक की पहचान रणजीत बहादुर सिंह के रूप में हुई है, जो बलिया जनपद के थाना सुखपुरा क्षेत्र के तपनी गांव के निवासी थे। स्वजन के मुताबिक रणजीत बहादुर सिंह हेतिमपुर टोल प्लाजा पर कार्यरत थे। गुरुवार की रात वे एक शादी समारोह में शामिल होकर लौट रहे थे। इसी दौरान गौरीबाजार-रुद्रपुर मार्ग पर इंदुपुर चौराहे के समीप किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें और उनके साथ मौजूद एक अन्य व्यक्ति को टक्कर मार दी।
मेडिकल कॉलेज में तोड़ा दम
हादसे में रणजीत गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां हालत नाजुक होने पर महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद उनकी जान नहीं बच सकी। इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। घटना के बाद परिवार और गांव में मातम पसरा है।
सीसीटीवी से होगी पहचान
थानाध्यक्ष महेंद्र कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि टक्कर मारने वाले वाहन की पहचान की जा सके। अधिकारियों का कहना है कि दोषी को जल्द ही पकड़ लिया जाएगा।
यातायात व्यवस्था पर सवाल
लगातार हो रहे हादसों ने जिले की यातायात व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासनिक सख्ती केवल जनपद मुख्यालय तक सीमित है, जबकि ग्रामीण और मुख्य सड़कों पर नियमों की अनदेखी आम बात हो गई है। बेकाबू रफ्तार और लापरवाही अब जानलेवा साबित हो रही है।