हिंदी
चार आरोपी गिरफ्तार
Deoria: शहर में लगातार हो रही झपटमारी की वारदातों ने लोगों की नींद उड़ा रखी थी। खासकर बैंक से पैसे निकालकर लौटने वाले बुजुर्ग और महिलाएं इन बदमाशों के निशाने पर थीं, लेकिन अब बरहज पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए चार शातिर झपटमारों को धर दबोचा है। गिरफ्तारी के साथ ही चोरी का माल और वारदात में इस्तेमाल की गई दो बाइक भी बरामद की गई हैं। पूछताछ में खुलासा हुआ है कि इस गैंग का नेटवर्क गोरखपुर तक फैला हुआ था।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक देवरिया संजीव सुमन द्वारा अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी सुनील कुमार सिंह के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी बरहज राजेश चतुर्वेदी की निगरानी में थाना बरहज पुलिस ने 19 फरवरी की शाम बालू छापर रेलवे क्रॉसिंग के पास से चारों अभियुक्तों को गिरफ्तार किया।
पकड़े गए आरोपियों में सनी उर्फ मंगरु, करण डोम, बन्टी कुमार और मुन्ना डोम शामिल हैं। पुलिस ने इनके पास से चार पीली धातु के लॉकेट, दो कान के टॉप्स, 5 हजार रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल की गई दो बजाज पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की हैं।
मामला 11 फरवरी का है। थाना बरहज क्षेत्र के रहने वाले विश्वजीत गौतम ने 13 फरवरी को थाने में तहरीर दी थी कि उनकी मां सेंट्रल बैंक, बरहज से 6 हजार रुपये निकालकर घर लौट रही थीं। रास्ते में चार युवकों ने उन्हें बहला-फुसलाकर उनका पर्स छीन लिया। जिसमें नगदी के साथ कान के टॉप्स और मंगलसूत्र रखा था। इस मामले में मुकदमा दर्ज कर पुलिस जांच में जुटी थी। जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने जाल बिछाया और आखिरकार पूरे गैंग को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि उन्होंने बरहज के अलावा गोरखपुर जिले के खजनी और चौरी-चौरा थाना क्षेत्रों में भी झपटमारी की घटनाएं की हैं। यह गैंग सुनियोजित तरीके से अलग-अलग जिलों में वारदात को अंजाम देता था।
देवरिया में नहीं थम रही मौत की रफ्तार: 24 घंटे में दो घरों के बुझ गए चिराग, जानें पूरा मामला
गिरफ्तार आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड भी कम नहीं है। सनी और करण पर गोरखपुर के अलग-अलग थानों में चोरी, लूट, धोखाधड़ी और गैंगस्टर एक्ट तक के मामले दर्ज हैं। बन्टी कुमार पर भी आर्म्स एक्ट और अन्य धाराओं में कई मुकदमे पहले से दर्ज हैं। पुलिस अब इनके अन्य साथियों और नेटवर्क की भी पड़ताल कर रही है।
इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष विशाल कुमार उपाध्याय, उपनिरीक्षक अभिमित कुमार, संतोष कुमार यादव, पवन मद्देशिया समेत पूरी टीम की अहम भूमिका रही। पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि आगे भी ऐसे अपराधियों के खिलाफ सख्त अभियान जारी रहेगा।
Location : Deoria
Published : 20 February 2026, 7:06 PM IST