हिंदी
महराजगंज में ग्रामीणों ने सड़क पर दूषित पानी बहाने का आरोप लगाया है। कटहरा शिव मंदिर मार्ग पर जलभराव और गड्ढों से हादसों के खतरों को लेकर ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से समस्या का समाधान करने की मांग की है।
दर्जनों गांवों के लोगों ने की DM से शिकायत
Maharajganj: नगर पालिका परिषद महराजगंज क्षेत्र से सटे चिउरहा से प्राचीन शिव मंदिर कटहरा जाने वाले मुख्य मार्ग पर एक गंभीर जनसमस्या सामने आई है। आरोप है कि उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के एक पदाधिकारी की कंपनी द्वारा फैक्ट्री का दूषित पानी सड़क पर बहाया जा रहा है, जिससे सड़क क्षतिग्रस्त होकर दुर्घटनाओं का कारण बन रही है।
यह सड़क एसएसबी मुख्यालय के समीप से होकर प्राचीन शिव मंदिर कटहरा तक जाती है। इस मार्ग से लखिमा थरूआ, कटहरा, रामपुर बुजुर्ग, बड़हरा रानी, वन ग्राम उसरहवा, सौलहिया, बागापार और चिउरहा सहित दर्जनों गांवों के हजारों लोग प्रतिदिन आवागमन करते हैं। धार्मिक दृष्टि से भी यह मार्ग अत्यंत महत्वपूर्ण है, क्योंकि प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु शिव मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए इसी रास्ते का उपयोग करते हैं।
स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि फैक्ट्री से निकलने वाला गंदा और दूषित पानी लगातार सड़क पर छोड़ा जा रहा है। पानी के बहाव और जलभराव के कारण सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं। जगह-जगह कीचड़ और फिसलन के चलते आए दिन साइकिल और मोटरसाइकिल सवार गिरकर चोटिल हो रहे हैं। सबसे अधिक परेशानी स्कूल-कॉलेज जाने वाले छात्र-छात्राओं, बुजुर्गों, महिलाओं और एसएसबी के जवानों को झेलनी पड़ रही है।
महराजगंज में प्रॉपर्टी विवाद ने लिया खूनी रूप: नाती ने बाबा पर चाकू से किया हमला, इलाके में हड़कंप
ग्रामीणों के मुताबिक, इस स्थान पर कई छोटी-बड़ी दुर्घटनाएं भी हो चुकी हैं। स्थानीय लोगों ने फैक्ट्री प्रबंधन से कई बार शिकायत की, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। लगातार बहते दूषित पानी से सड़क की परत उखड़ चुकी है और मार्ग खतरनाक हो गया है।
अब ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो कोई बड़ी दुर्घटना हो सकती है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि फैक्ट्री के गंदे पानी के निकास की वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित कराई जाए और क्षतिग्रस्त सड़क की तत्काल मरम्मत कराई जाए।
महराजगंज में अधूरी पड़ी जल जीवन मिशन की टंकियां, जिम्मेदार कौन?
दर्जनों गांवों के लोगों ने जिलाधिकारी से तत्काल न्याय की गुहार लगाते हुए कहा है कि यदि समस्या का समाधान नहीं होता है, तो हम लोग बड़ा आंदोलन करने को बाध्य होंगे।