हिंदी
अमेठी में गोकशी के मुख्य आरोपी जुनैद अहमद से पुलिस की मुठभेड़ में पैर में गोली लगी। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने छह अन्य साथियों को भी गिरफ्तार किया और पूरे नेटवर्क की पड़ताल शुरू कर दी है।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया
Amethi: अमेठी जिले में गोकशी के मामले में वांछित चल रहे मुख्य आरोपी जुनैद अहमद से शुक्रवार देर रात मुठभेड़ हुई। पुलिस ने बताया कि मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी और उसे गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने मौके से तमंचा, दो जिंदा कारतूस, एक बाइक और गोकशी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए हैं। इसको पुलिस की एक बड़ी कामयाबी माना जा रहा है।
कैसे हुई पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़?
अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि इन्हौना थाना क्षेत्र के करन गांव में 20 फरवरी को हुई गोकशी की घटना में आरोपी की मौजूदगी की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस ने सेमरौता मार्ग पर गंद नाला के पास घेराबंदी कर ली। मौके पर जायस और मोहनगंज थानों की पुलिस को भी बुलाया गया। पुलिस ने बताया कि खुद को घिरता देख जुनैद ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसकी गोली लगी।
पुलिस ने 6 अपराधियों को दबोचा
जांच के दौरान पुलिस ने इस मामले से जुड़े 6 अन्य साथियों को अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार किया। ये सभी आरोपी मिलकर जिले में गोकशी की घटनाओं को अंजाम देते थे। पुलिस ने बताया कि उनके कब्जे से भी आवश्यक सबूत बरामद किए जा रहे हैं। पुलिस अब पूरे नेटवर्क की पड़ताल की जा रही है।
पुलिस का बयान
इस मामले में अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञानेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि मुठभेड़ के बाद विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। घायल आरोपी का अस्पताल में इलाज चल रहा है और मामले की गहन जांच की जा रही है। पुलिस ने कहा कि पूरे मामले में सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है और जल्द ही अन्य जुड़े अपराधियों की भी पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।