कई महीने से लटका था लाइसेंस, DM शशांक चौधरी ने लगाई फटकार, अमेठी के ARTO कार्यालय में जिलाधिकारी का छापा

अमेठी में डीएम शशांक चौधरी के एआरटीओ कार्यालय के आकस्मिक निरीक्षण में लाइसेंस की पत्रावलियों में खामियां और एक अभ्यर्थी का मामला लंबे समय से लंबित मिला। वरिष्ठ सहायक के खिलाफ कार्रवाई और लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए गए...

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 24 October 2026, 7:08 PM IST
google-preferred

Amethi News: अमेठी में परिवहन विभाग के कामकाज की जांच करने पहुंचे जिलाधिकारी शशांक चौधरी को एआरटीओ कार्यालय में लाइसेंस से जुड़ी पत्रावलियों में खामियां मिलीं। कई महीनों से एक अभ्यर्थी का प्रकरण लंबित पाए जाने पर डीएम ने नाराजगी जताई और संबंधित वरिष्ठ सहायक संजय सिंह के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने लंबित अभ्यर्थी की टेस्टिंग कर उसी दिन लाइसेंस जारी करने को भी कहा। अचानक हुए निरीक्षण से कार्यालय में हड़कंप मच गया।

लाइसेंस की फाइलों में खामियां, वरिष्ठ सहायक को फटकार

जिलाधिकारी शशांक चौधरी ने शनिवार को सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (एआरटीओ) कार्यालय का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न पटलों पर हो रहे कामकाज की जानकारी ली और लाइसेंस बनवाने आए अभ्यर्थियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं।

निरीक्षण के दौरान लाइसेंस से संबंधित पत्रावलियों में कई खामियां सामने आईं। डीएम ने निर्देश दिया कि जिन अभ्यर्थियों की लाइसेंस जारी करने से पहले टेस्टिंग होती है, उनकी फाइल में संबंधित फोटोग्राफ अनिवार्य रूप से लगाए जाएं। साथ ही टेस्टिंग की रिपोर्ट भी दर्ज की जाए, ताकि प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहे।

जिलाधिकारी ने सितंबर महीने में जारी किए गए 10 लाइसेंसों की पत्रावलियों की भी जांच की। इनमें विभिन्न कमियां मिलने पर संबंधित कर्मचारी को चेतावनी दी और भविष्य में निर्धारित प्रक्रिया का पूरी तरह पालन करने के निर्देश दिए।

कई महीने से लंबित था अभ्यर्थी का मामला

निरीक्षण के दौरान डीएम ने लाइसेंस के लिए इंतजार कर रहे अभ्यर्थी आशुतोष सिंह से भी बातचीत की। उनका प्रकरण कई महीनों से लंबित मिलने पर जिलाधिकारी ने वरिष्ठ सहायक संजय सिंह को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने निर्देश दिया कि अभ्यर्थी की टेस्टिंग कर उसी दिन लाइसेंस जारी किया जाए।

इसके साथ ही सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी महेंद्र बाबू गुप्ता को वरिष्ठ सहायक के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। डीएम ने स्पष्ट किया कि लाइसेंस से जुड़े मामलों को बिना उचित कारण लंबित रखना स्वीकार नहीं किया जाएगा।

312 आरसी की वसूली और लंबित मामलों पर भी सख्ती

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कर वसूली की स्थिति की समीक्षा भी की। संबंधित लिपिक ने बताया कि कर वसूली के लिए 312 रिकवरी सर्टिफिकेट (आरसी) जारी किए गए हैं। इस पर डीएम ने एआरटीओ को संबंधित मामलों में जल्द वसूली सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने नए पंजीकरण वाले वाहनों के पंजीयन प्रमाणपत्र और वाहन फिटनेस से जुड़े लंबित मामलों की भी जानकारी ली। अधिकारियों को सभी प्रकरणों का गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी और समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए गए।

कार्यालय में अनधिकृत प्रवेश पर रोक लगाने के निर्देश

जिलाधिकारी ने एआरटीओ कार्यालय और परिसर में अनधिकृत व्यक्तियों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक लगाने को कहा। उन्होंने परिसर में घूम रहे लोगों से कार्यालय आने का उद्देश्य भी पूछा। निर्देश दिया गया कि लाइसेंस, आरसी, फिटनेस, चालान और अन्य परिवहन संबंधी कामों के लिए आने वाले लोगों को ही प्रवेश दिया जाए। अनधिकृत रूप से मौजूद व्यक्तियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाए। डीएम ने कहा कि किसी भी पत्रावली को बेवजह लंबित न रखा जाए। रिपोर्ट मिलते ही संबंधित प्रकरण पर कार्रवाई कर उसका निस्तारण किया जाए। इसके अलावा कार्यालय और परिसर में पर्याप्त साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए।

Location :  Amethi

Published :  24 October 2026, 7:08 PM IST

Advertisement