हिंदी
इटावा के इकदिल क्षेत्र में सिविल सर्विसेज की तैयारी कर रहे 25 वर्षीय छात्र मनीष यादव का क्षत-विक्षत शव रेलवे लाइन किनारे बोरी में मिला। परिजनों ने जमीन विवाद में हत्या का आरोप लगाया है और पुलिस पर लापरवाही का आरोप भी लगाया। पुलिस कॉल डिटेल्स, लोकेशन और सीसीटीवी के आधार पर जांच में जुटी है।
अपहरण के बाद निर्मम हत्या (Image Source: Google)
Etawah: जनपद के इकदिल क्षेत्र में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे 25 वर्षीय मनीष यादव का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। वह बुधवार सुबह घर से कोचिंग के लिए निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। परिजनों ने तलाश शुरू की, मोबाइल बंद मिला तो अपहरण की आशंका जताते हुए पुलिस को सूचना दी। गुरुवार देर रात पुलिस को डीएफसी रेलवे लाइन के किनारे एक संदिग्ध बोरी मिलने की सूचना मिली, जिसके अंदर युवक का शव पाया गया।
पुलिस ने शव को पहचान के लिए शवगृह में रखवाया और गुमशुदगी की सूचना के आधार पर परिजनों को बुलाया। जब पिता राजवीर सिंह और भाई अवनीश यादव पहुंचे तो शव की हालत देखकर बदहवास हो गए। शव का सिर धड़ से अलग था, एक पैर कटा हुआ था और जबड़ा टूटा मिला। शरीर पर गंभीर चोटों के निशान थे, जिससे हत्या की बर्बरता का अंदाजा लगाया जा सकता है। पोस्टमार्टम तीन डॉक्टरों के पैनल से कराया गया।
Maharajganj: जानिए किसे मिली कर्मचारी संघ के नए अध्यक्ष की जिम्मेदारी
मृतक के पिता ने पड़ोस में रहने वाली एक महिला और उसके परिजनों पर जमीन विवाद के चलते हत्या कराने का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि वर्षों से कोर्ट में मुकदमा चल रहा था और दोनों पक्षों के बीच कई बार मारपीट भी हो चुकी है।
परिजनों का कहना है कि उन्होंने गुमशुदगी की सूचना समय पर दी थी, लेकिन पुलिस ने शुरुआत में मामले को गंभीरता से नहीं लिया। उनका आरोप है कि यदि पुलिस सक्रिय होती तो शायद मनीष की जान बच सकती थी।
सीओ सिटी अभय नारायण सिंह ने परिजनों को कार्रवाई का आश्वासन दिया है। पुलिस ने बताया कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। मोबाइल कॉल डिटेल्स, लोकेशन डेटा और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। संदिग्ध लोगों से पूछताछ भी की जा रही है।
मनीष यादव भरथना क्षेत्र के नगला बंधा गांव का निवासी था और सिविल सर्विसेज की तैयारी कर रहा था। उसने बीएससी एग्रीकल्चर और बीएड किया था तथा हाल ही में जूनियर असिस्टेंट की परीक्षा दी थी। परिवार में वह सबसे छोटा था। उसकी हत्या से परिजनों में कोहराम मचा है, जबकि पुलिस का कहना है कि जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।