हिंदी
प्रतीकात्मक फोटो
Haryana News: झज्जर की एक 25 वर्षीय महिला डॉक्टर अवैध धर्मांतरण कराने वाले गिरोह का शिकार बनी है। अब तक सामने आए मामलों में युवतियों को प्रेम जाल में फंसाकर धर्म परिवर्तन कराया जाता था, लेकिन इस मामले में धर्मांतरण के बाद शारीरिक शोषण और जबरन निकाह जैसे गंभीर आरोप भी लगे हैं।
ओडिशा से जयपुर होते हुए दिल्ली तक फैला जाल
डॉक्टर पढ़ाई के लिए ओडिशा गई थी और वहीं पर अपने खर्चों के लिए नौकरी तलाश रही थी। इसी दौरान गोवा की रहने वाली आयशा उर्फ एसबी कृष्णा से संपर्क हुआ, जिसने जयपुर के जुनैद से मिलवाया। जुनैद और आयशा ने मिलकर एक ग्रुप बनाया और धीरे-धीरे डॉक्टर को जाल में फंसा लिया।
गीता और रामायण का ज्ञान होने के बावजूद हुई शिकार
डॉक्टर को धार्मिक ज्ञान था, इसीलिए वह शुरुआत में जुनैद की बातों में नहीं आई। लेकिन जुनैद ने लगातार झूठ बोलते हुए उन्हें विश्वास में लिया। एक बार वह जब घर लौट रही थी, तब जुनैद दिल्ली में मिला और उन्हें एक घर में ले जाकर काजी के सामने धर्मांतरण करवा दिया। डॉक्टर को यह भी नहीं बताया गया कि यह निकाह की प्रक्रिया है।
जबरन निकाह और ब्लैकमेलिंग की धमकी
घर से बाहर आने के बाद जुनैद ने डॉक्टर को अपनी पत्नी बताना शुरू कर दिया। उसने धमकी दी कि अगर वह साथ नहीं रही तो बदनाम कर देगा। इसी दबाव में उसने डॉक्टर का शारीरिक शोषण भी किया। डॉक्टर किसी तरह इस चंगुल से निकलने की कोशिश करती रहीं, लेकिन मदद नहीं मिल रही थी।
पीड़िता के बयान दर्ज
आगरा पुलिस धर्मांतरण गिरोह से जुड़े मामलों की छानबीन कर रही है। इसी दौरान डॉक्टर को खोज निकाला गया। पुलिस आयुक्त दीपक कुमार ने बताया कि पीड़िता ने अपने बयान दर्ज कराए हैं और अब कोर्ट में गवाही देने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
पीड़िता के पिता भी केस दर्ज कराना चाहते हैं
पीड़िता के पिता एक मजदूर हैं, जो बेटी की पढ़ाई के लिए हर महीने 10 हजार रुपये भेजते थे। उन्हें जब पूरा मामला पता चला तो वह स्तब्ध रह गए। अब वे आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कराना चाहते हैं। पुलिस के मुताबिक, जल्द ही झज्जर में भी मामला दर्ज किया जाएगा।
पंजाबी समाज ने धर्मांतरण के खिलाफ उठाई आवाज
आगरा महानगर की पंजाबी सभा ने इस घटना पर आपात बैठक बुलाई। अध्यक्ष सर्व प्रकाश कपूर और अन्य सदस्यों ने साफ कहा कि अगर कोई समाज के किसी व्यक्ति को धर्मांतरण के लिए मजबूर करता पाया गया तो उसे बख्शा नहीं जाएगा। संगठन ने इस मुद्दे पर जमीनी स्तर पर लड़ाई लड़ने का प्रस्ताव भी पास किया।
Location : Haryana
Published : 28 July 2025, 10:01 AM IST
Topics : Chhangur Baba conversion Haryana Woman Doctor क्राइम