हिंदी
महराजगंज में नगर पंचायत कर्मचारी के बंद घर को निशाना बनाकर लाखों की चोरी करने वाले पेशेवर चोर को पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और इंस्टाग्राम की मदद से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के पास से करीब 10 लाख रुपये के जेवरात और नकदी बरामद हुई है। पुलिस अब उसके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड खंगाल रही है।
महराजगंज: नगर पंचायत चौक में कार्यरत कर्मचारी विजय यादव के महराजगंज नगर पालिका परिषद के शिवनगर मोहल्ले स्थित घर हुई बड़ी चोरी की वारदात का पुलिस ने सफल अनावरण कर दिया है। पेशेवर तरीके से अंजाम दी गई इस चोरी में आरोपी ने सीढ़ी के ऊपर लगी टीन तोड़कर घर में प्रवेश किया और रात करीब 12 बजे लगभग 10 लाख रुपये मूल्य के सोने के गहनों के साथ नकदी चोरी कर ली। घटना के समय विजय यादव अपने परिवार के साथ इलाज के सिलसिले में बनारस गए हुए थे, जिससे घर पूरी तरह खाली था।
क्या है पूरी घटना?
सुबह जब पड़ोसियों ने घर का दरवाजा टूटा देखा तो मामले की जानकारी विजय यादव और पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की, जिसमें एक युवक चोरी करते हुए साफ दिखाई दे रहा था। फुटेज के आधार पर अज्ञात चोर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर विशेष जांच टीम गठित की गई।
इंस्टाग्राम पर तलाश शुरू
पुलिस ने जब सीसीटीवी में दिख रहे युवक की पहचान कराने की कोशिश की तो स्थानीय लोगों से मदद मिली। इसके बाद तकनीकी टीम ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर तलाश शुरू की, जहां आरोपी की सक्रिय आईडी मिल गई। तस्वीरों और वीडियो से पुष्टि होने पर आरोपी की पहचान करमहा निवासी यूसुफ पुत्र वकील के रूप में हुई।
साथियों के साथ मौज-मस्ती
सूत्रों के अनुसार, यूसुफ पहले भी कई चोरी की वारदातों में शामिल रह चुका है। नगर क्षेत्र में उसके कई ठिकाने बताए जाते हैं, जहां वह अक्सर रुकता और अपने साथियों के साथ मौज-मस्ती करता था। बताया जा रहा है कि चोरी से मिले पैसों से वह दोस्तों को पार्टी देता था और महंगे कपड़ों व मोबाइल फोन पर खर्च करता था।
करीब 15 हजार रुपये नकद
बुधवार सुबह पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए करमहा गांव में दबिश देकर यूसुफ को उसके घर से हिरासत में ले लिया। पूछताछ के दौरान उसने चोरी की वारदात कबूल कर ली। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने करीब 50 ग्राम सोने के गहने बरामद किए, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 10 लाख रुपये बताई जा रही है। इसके अलावा करीब 15 हजार रुपये नकद भी पुलिस के हाथ लगे हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी से पूछताछ जारी है और उसके आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है। आशंका जताई जा रही है कि वह किसी गिरोह से भी जुड़ा हो सकता है। जल्द ही पूरे मामले का औपचारिक खुलासा प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से किया जाएगा।