अब SSP ऑफिस के चक्कर खत्म! बदायूं पुलिस का नया सिस्टम सुनकर हर फरियादी कहेगा- काश ये पहले होता

अब फरियादियों को अपनी बात पहुंचाने के लिए बार-बार अधिकारियों के दफ्तर नहीं जाना पड़ेगा। एक नई व्यवस्था लागू की गई है, जिससे शिकायतों के निस्तारण की प्रक्रिया पहले से कहीं अधिक आसान और तेज होने का दावा किया जा रहा है।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 11 June 2026, 5:27 PM IST
google-preferred

Budaun: बदायूं जिले में आम लोगों की पुलिस संबंधी शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए एक नई पहल शुरू की गई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने जनसुनवाई व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण फैसला लिया है। नई व्यवस्था के तहत अब लोगों को अपनी शिकायत लेकर बार-बार एसएसपी कार्यालय नहीं जाना पड़ेगा, बल्कि वे अपने नजदीकी थाने से ही सीधे वरिष्ठ अधिकारियों तक अपनी बात पहुंचा सकेंगे।

यह नई व्यवस्था 11 जून 2026 से लागू कर दी गई है और इसे पुलिस प्रशासन की पारदर्शिता तथा जवाबदेही बढ़ाने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।

हर दिन होगी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग जनसुनवाई

नई व्यवस्था के अनुसार प्रतिदिन सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जनसुनवाई आयोजित की जाएगी। इस दौरान एसएसपी कार्यालय से सीधे जिले के सभी क्षेत्राधिकारी और थाना प्रभारी जुड़े रहेंगे।

जनसुनवाई के समय कोई भी व्यक्ति अपनी समस्या लेकर संबंधित थाने पर पहुंच सकता है। वहां थाना प्रभारी उसकी शिकायत को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के सामने प्रस्तुत करेंगे। इससे शिकायतों की सुनवाई और समाधान दोनों में तेजी आने की उम्मीद है।

यूपी में अगले तीन दिन कैसा रहेगा मौसम का हाल, जानिए कहां बरसेंगे बादल और कहां निकलेगी धूप

थाने पर ही मिलेगा समाधान

एसएसपी अंकिता शर्मा का मानना है कि अधिकांश शिकायतों का समाधान स्थानीय स्तर पर ही संभव है। इसी सोच के तहत यह व्यवस्था तैयार की गई है। पहले लोगों को छोटी-छोटी समस्याओं के लिए भी जिला मुख्यालय या एसएसपी कार्यालय तक जाना पड़ता था, जिससे समय और धन दोनों की बर्बादी होती थी। अब फरियादी सीधे अपने थाने पर जाकर शिकायत दर्ज करा सकेंगे और वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में उसका समाधान कराया जाएगा।

नई शिकायतों के साथ पुरानी फाइलों पर भी नजर

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग जनसुनवाई केवल नई शिकायतों तक सीमित नहीं रहेगी। इस दौरान कानून-व्यवस्था की स्थिति, अपराध नियंत्रण की रणनीति, लंबित विवेचनाएं, पुराने प्रार्थना-पत्र और पूर्व में दर्ज जनशिकायतों की भी समीक्षा की जाएगी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक स्वयं इन मामलों की प्रगति पर नजर रखेंगी और जहां भी लापरवाही या अनावश्यक देरी दिखाई देगी, वहां संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए जाएंगे।

बलरामपुर में बिजली समस्या पर संग्राम, सांसद और विधायक को लिखी चिट्ठी, मांगा पक्का इलाज

पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ाने की कोशिश

पुलिस विभाग का मानना है कि तकनीक के उपयोग से शिकायतों के निस्तारण में पारदर्शिता बढ़ेगी। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए शिकायतकर्ता, थाना प्रभारी और वरिष्ठ अधिकारी एक साथ जुड़ेंगे, जिससे किसी भी मामले में जानकारी छिपाने या देरी करने की संभावना कम होगी। इसके अलावा हर शिकायत की नियमित मॉनिटरिंग भी की जाएगी ताकि दिए गए निर्देशों का समय पर पालन सुनिश्चित किया जा सके।

जनता से की गई खास अपील

एसएसपी अंकिता शर्मा ने जिले के लोगों से अपील की है कि वे अपनी समस्याओं और शिकायतों को लेकर निर्धारित समय के दौरान अपने संबंधित थाने पर पहुंचें। वहां मौजूद पुलिस अधिकारी उनकी बात वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचाएंगे और जल्द से जल्द समाधान का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था का मुख्य उद्देश्य आम लोगों को राहत देना और पुलिस सेवाओं को अधिक जनहितकारी बनाना है।

Location :  Budaun

Published :  11 June 2026, 5:27 PM IST

Advertisement