बलरामपुर में बिजली समस्या पर संग्राम, सांसद और विधायक को लिखी चिट्ठी, मांगा पक्का इलाज

बलरामपुर जिले में भीषण गर्मी के बीच बिजली का जो संकट गहराया है, उसने स्थानीय लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। इसी बदहाली को दूर करने के लिए पूर्व सांसद प्रत्याशी युगल किशोर शुक्ल ने मोर्चा खोल दिया है।

Balrampur : जिले में भीषण गर्मी के बीच बिजली का जो संकट गहराया है, उसने स्थानीय लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। इसी बदहाली को दूर करने के लिए पूर्व सांसद प्रत्याशी युगल किशोर शुक्ल ने मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने सूबे के मुख्यमंत्री को संबोधित एक मांग पत्र एडीएम शिव नारायण सिंह को सौंपकर जिले की चरमराई विद्युत व्यवस्था को पटरी पर लाने की पुरजोर वकालत की है। इस मांग पत्र में सबसे हैरान करने वाला मुद्दा 27 वर्षों से बंद पड़े शिवपुरा बिजली उपकेंद्र का है।

सरकारी संपत्ति खंडहर करने का फैसला

जनवरी 1999 में तत्कालीन ऊर्जा राज्य मंत्री लल्लू सिंह चौहान द्वारा शिलान्यास किए जाने और करोड़ों की सरकारी जमीन पर पूरा निर्माण होने के बावजूद, ठाकुरजोत के हरिहरगंज क्षेत्र का यह पावर हाउस आज तक चालू ही नहीं हो सका। रख-रखाव के अभाव में अब यह सरकारी संपत्ति खंडहर में तब्दील हो रही है।

बिजली न होने का खतरनाक

​इस उपकेंद्र के ताले न खुलने का खामियाजा हरैया सतघरवा ब्लॉक मुख्यालय, शिवपुरा बाजार और उसके आसपास के गांवों के लोग भुगत रहे हैं। वर्तमान में इन इलाकों को करीब 15 किलोमीटर दूर महाराजगंज फीडर से बिजली सप्लाई दी जाती है। इतनी लंबी दूरी और ओवरलोड के कारण चौबीसों घंटे लो-वोल्टेज, लगातार ट्रिपिंग और अघोषित बिजली कटौती का सिलसिला बना रहता है।

Balrampur News: बेजुबान से ऐसी क्रूरता क्यों? तुलसीपुर देहात में बंदर की मौत पर भड़के ग्रामीण

बिजली न होने का एक खतरनाक पहलू यह भी है कि सोहेलवा वन्यजीव क्षेत्र से सटे होने के कारण रात के अंधेरे में जंगली जानवर पानी और भोजन की तलाश में आबादी वाले इलाकों में घुस रहे हैं, जिससे बच्चों और मवेशियों पर हमले का डर बना हुआ है।

आबादी बढ़ने से लोड बहुत ज्यादा -  ​शुक्ल

​शुक्ल ने प्रशासन को चेताया है कि सौभाग्य योजना के तहत बने हरैया उपकेंद्र पर आबादी बढ़ने से लोड बहुत ज्यादा है, इसलिए शिवपुरा केंद्र को तुरंत चालू करना बेहद जरूरी है। इसके साथ ही उन्होंने बार-बार उड़ने वाले फ्यूज, शॉर्ट सर्किट और फुंकते ट्रांसफार्मरों की समस्या का पक्का इलाज करने तथा नेपाल सीमा से लगे उन अछूते गांवों तक बिजली पहुंचाने की मांग की है जहां आज तक उजाला नहीं पहुंचा है।

इस जनहित की लड़ाई में तेजी लाते हुए उन्होंने श्रावस्ती लोकसभा क्षेत्र के सांसद राम शिरोमणि वर्मा और तुलसीपुर के विधायक कैलाश नाथ शुक्ल को भी चिट्ठी लिखकर तुरंत दखल देने को कहा है। ज्ञापन सौंपने के दौरान गयाश अहमद खान, आनंद स्वरूप पांडेय, नृपेन्द्र उपाध्याय और कृपा राम चौहान सहित भारी संख्या में इलाके के प्रबुद्ध नागरिक और ग्रामीण एकजुट नजर आए।

Location :  Balrampur

Published :  11 June 2026, 5:03 PM IST

Advertisement