हिंदी
हलवाई पर चाकू से हमला (IMG: Dynamite News)
Ballia: मिठाई बनाने का ऑर्डर देने के बहाने एक हलवाई को सुनसान जगह बुलाया गया और वहां पहुंचते ही उस पर चाकू से हमला कर दिया गया। बलिया के बांसडीह क्षेत्र में रविवार को हुई इस वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई। बाइक से पहुंचे तीन युवकों में से दो ने हलवाई पर पीछे से चाकू से कई वार किए। हमले में वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। शोर सुनकर उसका साथी मौके की तरफ दौड़ा तो आरोपी बाइक से फरार हो गए। आरोप है कि हमलावर घायल का मोबाइल फोन भी अपने साथ ले गए। पुलिस अब पूरे मामले की जांच करते हुए हमलावरों की पहचान में जुटी है।
मामला बांसडीह क्षेत्र के छोटकी सेरिया गांव के पास का है। घायल हलवाई की पहचान बांसडीह कस्बे के वार्ड नंबर पांच निवासी मुन्ना प्रसाद माली (35) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि शुक्रवार शाम तीन युवकों ने मुन्ना के घर पहुंचकर उससे मिठाई बनाने के लिए बातचीत की थी। करीब 1500 रुपये में मिठाई बनाने का सौदा तय हुआ और युवकों ने उसे 100 रुपये एडवांस भी दिए। इसके बाद मुन्ना को रविवार दोपहर सेरिया गांव बुलाया गया। मुन्ना को बताया गया कि वहां पहुंचकर दिए गए मोबाइल नंबर पर फोन कर लेना, इसके बाद उसे मिठाई बनाने की जगह बता दी जाएगी।
रविवार दोपहर करीब दो बजे मुन्ना प्रसाद अपने परिचित सत्येंद्र तुरहा के साथ साइकिल से सेरिया-बघांव मोड़ की तरफ पहुंचा। वहां पहुंचने के बाद मुन्ना ने युवकों द्वारा दिए गए मोबाइल नंबर पर फोन किया। उसने बताया कि वह सेरिया मोड़ के पास पहुंच गया है और मिठाई बनाने के लिए उसे कहां आना है। फोन पर दूसरी तरफ से कथित तौर पर कहा गया कि वहीं रुकिए, हम लोग करीब 10 मिनट में पहुंच रहे हैं।
कुछ देर बाद एक बाइक पर तीन युवक वहां पहुंचे। बताया जा रहा है कि बाइक रुकते ही दो युवक नीचे उतरे। मुन्ना को शायद इस बात का अंदाजा भी नहीं था कि उसे मिठाई बनाने के लिए बुलाने वाले लोग उसके साथ क्या करने वाले हैं। आरोप है कि दोनों युवकों ने बिना किसी बातचीत के मुन्ना पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में मुन्ना जमीन पर गिर गया। इसके बाद दोनों युवकों ने पीछे से उसकी पीठ और पैर पर चाकू से कई वार किए।
8 साल का दर्द और झूठे आश्वासन, बलिया में सड़क न बनने से भड़के ग्रामीण, दी चुनाव बहिष्कार की चेतावनी
मुन्ना के पीछे से उसका साथी सत्येंद्र तुरहा भी वहां पहुंच रहा था। उसने जब मुन्ना पर हमला होते देखा तो शोर मचाना शुरू कर दिया। शोर सुनते ही हमलावर घबरा गए और तीनों बाइक पर सवार होकर मौके से फरार हो गए। बताया जा रहा है कि जाते समय आरोपी मुन्ना का मोबाइल फोन भी अपने साथ ले गए। इसके बाद घायल हलवाई को मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने संभाला।
ग्रामीणों की मदद से घायल मुन्ना को ई-रिक्शा के जरिए बांसडीह स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने उसका प्राथमिक उपचार किया। हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। हमले की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और घटना की जानकारी जुटानी शुरू कर दी।
Location : Ballia
Published : 9 August 2026, 7:48 PM IST