सीतापुर में IPS के पिता की दबंगई, भूमि विवाद में करवाई महिला के घर फायरिंग, 24-25 हथियारबंद बदमाशों ने किया कातिलाना हमला

सीतापुर के महोली क्षेत्र में जमीन विवाद को लेकर महिला के घर पर 20-25 राउंड फायरिंग का मामला सामने आया है। महिला ने ट्रेनी IPS मयंक बाजपेई के पिता पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने मौके से खोखे बरामद कर जांच शुरू कर दी है।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 9 August 2026, 6:13 PM IST
google-preferred

Sitapur News: सीतापुर जिले में जमीन विवाद को लेकर दिनदहाड़े फायरिंग का मामला सामने आया है। महोली कोतवाली क्षेत्र के अढ़ौरी बाईपास मोड़ के पास रविवार दोपहर एक महिला के घर पर करीब 20 से 25 राउंड फायरिंग की गई। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई। महिला ने आरोप लगाया है कि हमला झारखंड में ट्रेनी IPS अधिकारी मयंक बाजपेई के पिता विपिन बाजपेई के इशारे पर किया गया। महिला का आरोप है कि हमलावर उसकी जमीन पर कब्जा करना चाहते हैं और इसी विवाद को लेकर उसे धमकाया गया। पुलिस ने मौके से कारतूस के खोखे बरामद किए हैं और मामले की जांच शुरू कर दी है।

हथियारों से लैस होकर पहुंचे थे हमलावर

अढ़ौरी बाईपास निवासी किसान मुनीश की पत्नी शोभना शुक्ला ने पुलिस को बताया कि रविवार दोपहर करीब 2 बजे डीसीएम वाहन से 24 से 25 लोग हथियारों के साथ उनके घर पहुंचे। शोभना के मुताबिक घर पहुंचते ही आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और उन्हें बाहर खींचकर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद घर के बाहर और आसपास ताबड़तोड़ फायरिंग की गई। फायरिंग के दौरान शोभना घर पर अकेली थीं। उनके पति और बच्चे उस समय देवरिया गांव गए हुए थे।

सोलर पैनल और दीवारों पर मिले गोली के निशान

घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। जांच के दौरान घर की दीवारों और सोलर पैनल पर गोलियों के निशान मिले हैं। पुलिस ने घटनास्थल से कई खाली कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस ने कुछ संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही पूरी स्थिति साफ हो सकेगी।

डेढ़ करोड़ की जमीन को लेकर चल रहा विवाद

शोभना शुक्ला के अनुसार, वह मूल रूप से देवरिया गांव की रहने वाली हैं। उन्होंने वर्ष 2018 में अढ़ौरी बाईपास पर 19 बिस्वा जमीन का बैनामा कराया था। इस जमीन की कीमत करीब डेढ़ करोड़ रुपये बताई जा रही है। जमीन का कुछ हिस्सा पर मकान बनाकर वह अपने परिवार के साथ रह रही हैं, जबकि बाकी जमीन पर भी उनका कब्जा है। शोभना का आरोप है कि इसी जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है।

2022 में खरीदी गई जमीन को लेकर आमने-सामने दोनों पक्ष

महिला का कहना है कि कैमहरा गांव निवासी मयंक बाजपेई के पिता विपिन बाजपेई ने वर्ष 2022 में इसी जमीन से जुड़ा बैनामा कराया था। इसके बाद से दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया। शोभना ने दावा किया कि करीब दो महीने पहले महोली तहसील में जमीन विवाद का फैसला उनके पक्ष में आया था। इसके बावजूद दूसरे पक्ष के लोग जमीन पर कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं।

पुलिस बोली- जांच के बाद होगी कार्रवाई

महोली कोतवाली प्रभारी जेबी पांडेय ने बताया कि महिला की ओर से लिखित शिकायत दी गई है। मामले में मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया की जा रही है। उन्होंने कहा कि मौके से खाली खोखे बरामद हुए हैं। फायरिंग समेत लगाए गए सभी आरोपों की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

UPSC में 149वीं रैंक हासिल कर चुके हैं मयंक बाजपेई

मयंक बाजपेई ने UPSC सिविल सेवा परीक्षा 2024 में 149वीं रैंक हासिल की थी। यह उनका तीसरा प्रयास था। वर्तमान में वह झारखंड में ट्रेनी IPS के रूप में तैनात हैं। बताया जाता है कि उनके पिता विपिन बाजपेई किसान हैं। परिवार वर्ष 2002 में गांव छोड़कर सीतापुर आकर बस गया था। मयंक की शुरुआती पढ़ाई सीतापुर में हुई और इसके बाद उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से उच्च शिक्षा हासिल की। फिलहाल जमीन विवाद और फायरिंग के इस मामले में पुलिस की जांच जारी है। अब यह देखना अहम होगा कि जांच में किन लोगों की भूमिका सामने आती है और पुलिस आगे क्या कार्रवाई करती है।

Location :  Sitapur

Published :  9 August 2026, 6:13 PM IST

Advertisement