हिंदी
प्रतीकात्मक तस्वीर (Img: Internet)
Mainpuri: उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले के थाना एलाऊ क्षेत्र से एक सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। बखतपुर गांव में एक देवर और भाभी ने प्रेम प्रसंग के चलते आत्महत्या कर ली। दोनों के शव एक ही साड़ी से पेड़ पर लटके मिले, जिसने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया। कुछ ही घंटों पहले तक जहां खुशी का माहौल था, वहीं अचानक मातम छा गया और हर कोई इस घटना से सन्न रह गया।
जानकारी के मुताबिक, गांव में भीमसेन के घर नेजा (झंडा चढ़ाने) का कार्यक्रम आयोजित था। डीजे की धुन पर पूरे गांव में जश्न का माहौल था। नेजा कार्यक्रम माता शीतला मंदिर तक गया और रात में वापस लौटने के बाद भी नाच-गाना चलता रहा। इसी दौरान भाभी सरोजिनी और उसका चचेरा देवर अखिलेश भी जमकर डांस करते नजर आए। लेकिन रात करीब 11 बजे दोनों अचानक लापता हो गए। जिससे पहले तो किसी को शक नहीं हुआ, लेकिन देर होने पर चिंता बढ़ गई।
एचपीसीएल हत्याकांड में नया मोड़: वीडियो बनाकर आरोपी से परिवार ने तोड़ा नाता, CM से लगाई गुहार
जब काफी देर तक दोनों का कोई पता नहीं चला तो परिवार के लोगों ने तलाश शुरू की। घंटों की खोजबीन के बाद रात करीब 3:00 बजे घर से लगभग 400 मीटर दूर एक पेड़ पर दोनों के शव लटके मिले। सबसे चौंकाने वाली बात यह थी कि दोनों ने एक ही साड़ी से फांसी लगाई थी। यह दृश्य इतना भयावह था कि मौके पर मौजूद लोग सहम गए और पूरे गांव में कोहराम मच गया।
पुलिस के अनुसार, मृतका सरोजिनी दो बच्चों की मां थी। उसका मायका एटा जिले में है, जबकि उसका पति पुष्पेंद्र कुमार राजस्थान के बीकानेर में मजदूरी करता है। शुरुआती जानकारी में यह भी सामने आया है कि परिवार को दोनों के बीच किसी संबंध की कोई जानकारी नहीं थी, जिससे घटना और भी रहस्यमय बन गई है।
Gorakhpur: पानी भरने गई महिला पर गांव में हमला! लाठी-घूंसे से पीटकर दी जान से मारने की धमकी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना अध्यक्ष अवनीश त्यागी ने बताया कि आत्महत्या की तहरीर मिली है और मामले की जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आखिर किन परिस्थितियों में दोनों ने इतना बड़ा कदम उठाया।
इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है। परिजन गहरे सदमे में हैं, वहीं ग्रामीणों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। आखिर ऐसा क्या हुआ कि दोनों ने एक साथ अपनी जिंदगी खत्म कर ली- यह सवाल हर किसी के मन में है।
Location : Mainpuri
Published : 30 March 2026, 3:14 PM IST
Topics : crime news mainpuri news UP News UP Police