हिंदी
प्रतीकात्मक छवि (image source: internet)
Bareilly: उत्तर प्रदेश में बरेली के फरीदपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने आईपीएल मैचों में चल रहे बड़े सट्टेबाजी नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए शराब कारोबारी ओमेंद्र यादव को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई बुधवार को की गई, जब पुलिस को लंबे समय से चल रही जांच में अहम डिजिटल और बैंकिंग सबूत मिले। आरोपी पर बड़े स्तर पर ऑनलाइन और ऑफलाइन सट्टा संचालन का आरोप है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि यह सट्टेबाजी नेटवर्क करीब 150 लोगों की मदद से संचालित किया जा रहा था। इसके तार मथुरा, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड और नेपाल तक फैले थे। मैचों के दौरान सक्रिय एजेंट मोबाइल एप्स और डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए सट्टा लगवाने और पैसे ट्रांसफर करने का काम करते थे। पुलिस का कहना है कि यह एक संगठित और अंतरराज्यीय नेटवर्क था।
Sonbhadra Fire: कबाड़ की दुकान में भीषण आग, ऊंची लपटें और घना काला धुआं दूर-दूर तक दिखा
एसपी दक्षिणी ने प्रेसवार्ता में बताया कि आरोपी ओमेंद्र यादव के बैंक खातों में पिछले चार से पांच वर्षों में लगभग 7 करोड़ रुपये का लेनदेन सामने आया है। जांच में हवाला के जरिए पैसों के अवैध लेनदेन के संकेत भी मिले हैं। एक दिन में 100 से अधिक ट्रांजैक्शन होने की पुष्टि हुई है, जिससे पूरे नेटवर्क की वित्तीय गतिविधियों पर सवाल उठे हैं।
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से 10 हजार रुपये नकद, छह डेबिट कार्ड, एक नेपाली सिम कार्ड, पांच पासबुक, तीन चेकबुक और दो फर्जी आधार व पैन कार्ड बरामद किए हैं। ओमेंद्र यादव के नाम से 10 से 12 कंपोजिट शराब दुकानें भी संचालित हैं। पूछताछ में उसने दिनेश और चीनी नाम के दो अन्य लोगों के नाम बताए हैं, जिनकी तलाश जारी है। पुलिस ने उसके दो बैंक खातों में 5 लाख रुपये फ्रीज कर दिए हैं।
Maharajganj: लापता युवक को पुलिस ने ढूंढ निकाला, परिवार में लौटी खुशियां
आरोपी के खिलाफ पहले भी दो आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस अब डिजिटल लेनदेन, कॉल डिटेल्स और बैंकिंग रिकॉर्ड के आधार पर पूरे नेटवर्क को ट्रेस कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही इस सट्टेबाजी रैकेट में शामिल अन्य लोगों की गिरफ्तारी भी संभव है।
Location : Bareilly
Published : 13 May 2026, 8:10 PM IST
Topics : bareilly news crime news Hawala Case IPL betting UP News