हिंदी
प्रतीकात्मक छवि (Image Source Internet)
Sonbhadra: सोनभद्र के ओबरा थाना क्षेत्र में वन विभाग कार्यालय के पास स्थित कबाड़ की दुकान में बुधवार को अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में पूरी दुकान इसकी चपेट में आ गई और इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
आग की ऊंची लपटें और घना काला धुआं दूर-दूर तक दिखाई दिया, जिससे स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई। बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुकान से अचानक धुआं उठना शुरू हुआ और थोड़ी ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया। दुकान में प्लास्टिक और अन्य ज्वलनशील सामान बड़ी मात्रा में होने के कारण आग तेजी से फैलती चली गई।
सूचना मिलते ही ओबरा थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया।
फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियों की मदद से आग बुझाने का अभियान चलाया गया। ज्वलनशील सामग्री के कारण आग पर काबू पाने में दमकल कर्मियों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
घटना के दौरान पूरे क्षेत्र में धुएं का गुबार छाया रहा, जिससे लोगों को सांस लेने में भी परेशानी हुई।
पुलिस ने एहतियात के तौर पर लोगों को घटनास्थल से दूर रहने की अपील की। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है और पुलिस व फायर विभाग इसकी जांच में जुटे हैं।
कबाड़ दुकान के मालिक सुनील कुमार ने बताया कि घटना के समय वे खाना खाने गए हुए थे। लौटने पर उन्हें आग लगने की जानकारी मिली।
उन्होंने आरोप लगाया कि फायर ब्रिगेड के देर से पहुंचने के कारण आग ने विकराल रूप ले लिया और लगभग 6 से 7 लाख रुपये का नुकसान हो गया। अगर समय पर दमकल पहुंच जाती तो नुकसान कम हो सकता था।
Location : Sonbhadra
Published : 13 May 2026, 7:32 PM IST
Topics : fire Fire brigade Obra Police Station Sonbhadra UP News