Bareilly : माधोबाड़ी में पुलिस की बड़ी रेड, दो हवाला तस्कर दबोचे; 3 आरोपी फरार

थाना बारादरी पुलिस ने फर्जी कंपनी के जरिए चल रहे अंतरराष्ट्रीय हवाला कारोबार के एक बड़े रैकेट का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने दो शातिर आरोपियों को ₹35 लाख कैश, मोबाइल और फर्जी दस्तावेजों के साथ दबोचा है। एसएसपी अनुराग आर्य के मुताबिक, इस रैकेट के तार दुबई से जुड़े हैं और मामले की जांच जारी है।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 7 June 2026, 4:03 PM IST
google-preferred

Bareilly : बरेली थाना बारादरी पुलिस ने हवाला कारोबार के एक बड़े रैकेट का पर्दाफाश किया है। फर्जी कंपनी खोलकर बेनामी रुपयों को हवाला के जरिए संदिग्ध गतिविधियों में इस्तेमाल करने वाले 2 अभियुक्तों को 35 लाख रुपये कैश, 4 मोबाइल फोन और 2 फर्जी आधार कार्ड के साथ गिरफ्तार किया है।

एसएसपी अनुराग आर्य ने किया खुलासा

बरेली एसएसपी अनुराग आर्य ने प्रेस वार्ता कर जानकारी देते हुए बताया कि यह कार्रवाई वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में की गई। एसएसपी ने कहा कि दुबई कनेक्शन और फंडिंग के सोर्स की गहन जांच की जा रही है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित कर दी गई हैं। यह रैकेट राष्ट्रीय सुरक्षा से भी जुड़ा हो सकता है, इसलिए सभी एंगल से जांच होगी।

माधोबाड़ी से पकड़े गए दोनों आरोपी

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चल रहे अभियान के तहत मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने माधोबाड़ी से छापा मारकर जमीर अहमद निवासी हजियापुर चुगी और जगदीश चोटिया निवासी बीकानेर, राजस्थान को गिरफ्तार किया। तलाशी में 35 लाख रुपये नकद, 2 फर्जी आधार कार्ड और 4 मोबाइल फोन बरामद हुए।

Bareilly News: मकान विवाद में टूटा परिवार… बेटे-बहू की प्रताड़ना से परेशान महिला ने उठाया खौफनाक कदम

दुबई से जुड़े तार, व्हाट्सएप पर मिलता था टोकन

पूछताछ में जमीर अहमद ने बताया कि उसका संपर्क दुबई निवासी अली जीशान से था। अली जीशान के कहने पर मोईन अली के नाम से फर्जी KGN कंपनी खोली गई। कंपनी का ऑफिस पीलीभीत बाईपास रोड, आशुतोष सिटी में था। कोई कारोबार नहीं होता था। अली जीशान व्हाट्सएप पर टोकन नंबर भेजता था और खाते में मोटी रकम डलवाता था। यह पैसा हवाला के जरिए दिल्ली में लालचंद और धम्माराम तक पहुंचाया जाता था।

4 साल से बरेली में हवाला का काम कर रहा था जगदीश

दूसरे आरोपी जगदीश चोटिया ने कबूला कि वह पिछले 4 साल से बरेली में हवाला का काम कर रहा था। वह टैक्स बचाने के लिए बेनामी धन को इधर-उधर करवाता था। कमीशन लेकर दिल्ली में टोकन धारक को पैसा दिलवाता था। पैसा भेजने और लेने वालों की पहचान गुप्त रखी जाती थी।

3 आरोपी फरार, FIR दर्ज

पुलिस ने मोईन अली निवासी हजियापुर, लालचंद और धम्माराम निवासी दिल्ली को वांछित किया है। तीनों फरार हैं। थाना बारादरी में मु0अ0सं0 752/2026 धारा 61(2)/111/318(4)/336(3)/338/340(2) BNS के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। दोनों गिरफ्तार आरोपियों को कोर्ट में रिमांड के लिए पेश किया जा रहा है।

पुलिस टीम का रहा अहम रोल

इस कार्रवाई में एसपी सिटी और सीओ नगर तृतीय के निर्देशन में बारादरी थाना पुलिस की टीम ने काम किया।

Location :  Bareilly

Published :  7 June 2026, 4:03 PM IST

Advertisement