बरेली में बिजली के तार चोरी करने वाले चार आरोपी गिरफ्तार, 25 किलो एल्युमिनियम तार बरामद

बरेली जिले के फतेहगंज पूर्वी थाना पुलिस ने बिजली के तार चोरी करने के दो मामलों में वांछित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

Post Published By: Ramdev Gupta
Updated : 17 October 2026, 4:41 PM IST
google-preferred

Bareilly: उत्तरप्रदेश के बरेली जिले के फतेहगंज पूर्वी थाना पुलिस ने बिजली के तार चोरी करने के दो मामलों में वांछित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 25 किलोग्राम एल्युमिनियम तार, तार काटने के उपकरण और चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पूछताछ में आरोपियों ने बिजली के खंभों से तार काटकर चोरी करने और उन्हें कबाड़ी को बेचने की बात स्वीकार की है। पुलिस ने चारों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया है।

हाईवे किनारे वाहन का इंतजार कर रहे थे आरोपी

फतेहगंज पूर्वी पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार रात को पुलिस टीम गश्त और चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि तार चोरी के मामलों में वांछित चार युवक बरेली-शाहजहांपुर हाईवे पर सुभाष कॉलोनी के पास चोरी के तार बेचने की फिराक में खड़े हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने घेराबंदी कर चारों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान फतेहगंज पूर्वी के गांव तराखास निवासी राहुल (31) पुत्र बिजेंद्र सिंह, गांव भूड़ा गोटिया रधौली कलां निवासी ओमकार (32) पुत्र राजेश्वर सिंह, गांव तराखास निवासी उमेश (27) पुत्र सुरेशपाल और कस्बे के मोहल्ला कस्यावान निवासी अनिल (25) पुत्र अंतराम के रूप में हुई है।

यह भी पढ़ें: गंगा एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक हादसा, अज्ञात वाहन की टक्कर से 24 वर्षीय युवक की मौत

बिजली के खंभों से तार काटकर करते थे चोरी

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे प्राइवेट लाइनमैन का काम करते हैं। चारों ने मिलकर नौ जून को गांव मेवापट्टी में प्रियदर्शी आईटीआई स्कूल के सामने और 25 अगस्त को गांव शिवपुरी पुलिया के पास बिजली के खंभों से एल्युमिनियम के तार चोरी किए थे। चोरी के तारों को आरोपियों ने एक स्थान पर छिपा दिया था। इनमें से कुछ तार चलते-फिरते कबाड़ी को बेच दिए, जबकि बाकी तार बेचने के लिए हाईवे किनारे वाहन का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया। आरोपियों ने पुलिस को बताया कि चोरी के तार बेचकर मिलने वाली रकम आपस में बांट लेते थे।

यह भी पढ़ें: फतेहपुर में नाबालिग छात्रा ने एसपी से मांगा न्याय, अपहरण और दुष्कर्म के गंभीर आरोप

दो आरोपियों पर पहले से दर्ज हैं चोरी के मुकदमे

पुलिस के मुताबिक, चारों आरोपी तार चोरी के दो मामलों में वांछित थे। ये मुकदमे फतेहगंज पूर्वी थाने में दर्ज हैं। आरोपी ओमकार और उमेश के खिलाफ वर्ष 2021 में भी चोरी का मुकदमा दर्ज हो चुका है। वहीं, अनिल के खिलाफ मारपीट और धमकी देने का पुराना मामला दर्ज है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 25 किलोग्राम एल्युमिनियम तार, प्लास समेत तार काटने के उपकरण और चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक जितेंद्र सिंह, चंद्रपाल सिंह, लक्ष्मीनारायण सिंह समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

Location :  Bareilly

Published :  17 October 2026, 4:41 PM IST

Related News

Advertisement