हिंदी
बहू की पिटाई से आहत महिला ने खाया जहर
Bareilly: बरेली में पारिवारिक विवाद ने ऐसा दर्दनाक मोड़ ले लिया कि एक महिला ने जहरीला पदार्थ खाकर अपनी जान देने की कोशिश कर ली। आरोप है कि बेटे और बहू की लगातार प्रताड़ना, मारपीट और मकान कब्जाने के दबाव से परेशान होकर 58 वर्षीय अनुपम रस्तोगी ने यह खौफनाक कदम उठाया। घटना के बाद परिवार में हड़कंप मच गया, जबकि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो ने मामले को और गंभीर बना दिया है।
पूरा मामला बरेली के किला थाना क्षेत्र स्थित मलूकपुर इलाके का है। यहां रहने वाली 58 वर्षीय अनुपम रस्तोगी ने बुधवार को जहरीला पदार्थ खा लिया, जिससे उनकी हालत अचानक बिगड़ गई। परिजन उन्हें आनन-फानन में जिला अस्पताल की इमरजेंसी लेकर पहुंचे, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के मुताबिक उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
दो बच्चों को दिया खीरा, तीसरे को लेकर हुए फरार! बरेली से मासूम के गायब होने से हड़कंप
जिला अस्पताल में अनुपम रस्तोगी के पति राजीव रस्तोगी ने गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि छोटा बेटा और बहू मकान पर कब्जा करना चाहते हैं और इसी बात को लेकर घर में लंबे समय से विवाद चल रहा था। उन्होंने आरोप लगाया कि बेटे और बहू द्वारा कई बार मारपीट भी की गई, जिसकी शिकायत पहले भी किला थाने में की गई थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
परिजनों के अनुसार बुधवार को एक बार फिर घर में विवाद बढ़ गया। आरोप है कि झगड़े के दौरान बहू ने अनुपम रस्तोगी की पिटाई कर दी। इस घटना से आहत होकर अनुपम रस्तोगी ने घर में रखा जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर पति और छोटी बेटी उन्हें तुरंत जिला अस्पताल लेकर पहुंचे।
Raebareli News: ठेला लगाने को लेकर रायबरेली में बवाल… सारस चौराहे पर जमकर चले लात-घूंसे
इधर, बहू द्वारा कथित मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। वीडियो सामने आने के बाद मामला तेजी से चर्चा में आ गया और पुलिस ने भी संज्ञान लेना शुरू कर दिया। स्थानीय लोग इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं।
पति राजीव रस्तोगी की शिकायत और वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस ने आरोपी बेटे और बहू के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और वायरल वीडियो की भी पड़ताल की जा रही है।
Location : Bareilly
Published : 27 May 2026, 5:00 PM IST