चाय की चुस्की का शौक पड़ा भारी, धुंआ कोहरे में काल बने अज्ञात वाहन ने पांच दोस्तों की छीनी जिंदगी

बलरामपुर के उतरौला में देर रात सड़क हादसे में पांच युवकों की मौत हो गई। छह दोस्त चाय पीने जा रहे थे, तभी बाइक फिसलने के बाद वे घायल राहगीर की मदद करने रुके। इसी दौरान तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें कुचल दिया।

Balrampur:  सर्द रात का सन्नाटा और घने कोहरे की चादर बुधवार रात पांच युवाओं की जिंदगी पर भारी पड़ गई। उतरौला कोतवाली क्षेत्र के अक्सीबड़हरा गांव के पास हुए एक दिल दहला देने वाले सड़क हादसे में पांच दोस्तों की जान चली गई, जबकि दो अन्य जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे हैं। यह पूरी घटना तब घटी जब ये सभी युवक रात में चाय पीने के इरादे से घर से निकले थे, लेकिन उन्हें क्या पता था कि यह सफर उनकी जिंदगी का आखिरी सफर साबित होगा।

प्रत्येक बाइक पर तीन-तीन युवक बैठे थे

मिली जानकारी के मुताबिक, छप्पर तलवा और गौरीवनडीह गांव के रहने वाले छह दोस्त बुधवार की देरा रात दो बाइकों पर सवार होकर चाय पीने के लिए उतरौला बाजार की ओर जा रहे थे। प्रत्येक बाइक पर तीन-तीन युवक बैठे थे। बलरामपुर-उतरौला मुख्य मार्ग पर अत्यधिक कोहरा होने के कारण दृश्यता बेहद कम थी। जैसे ही वे अक्सीबड़हरा गांव के समीप पहुंचे, अचानक एक बाइक के सामने कुछ पैदल राहगीर आ गए। उन्हें बचाने के प्रयास में बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर फिसल गई, जिससे एक राहगीर चोटिल हो गया। मानवीय संवेदना दिखाते हुए सभी दोस्त अपनी बाइकें रोककर घायल राहगीर को सड़क से उठाने में जुट गए।

चार पहिया वाहन ने युवकों को चपेट में लिया

इसी दौरान पीछे से आ रहे एक बेलगाम चार पहिया वाहन ने सड़क पर खड़े इन युवकों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सभी युवक कई फीट दूर जा गिरे और घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। हादसे के बाद आरोपी चालक वाहन की रफ्तार बढ़ाकर अंधेरे का फायदा उठाते हुए मौके से फरार हो गया।

इंदिरा गांधी जयंती: भारत की पहली महिला प्रधानमंत्री, जो Iron Lady के नाम से जानी जाती है।

उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर किया गया

सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सभी घायलों को तत्काल अस्पताल भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने पांच युवकों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान गुफरान (18), सलीम (21), रहमत (30), तौफीक (19) और मोहम्मद फारूक (20) के रूप में हुई है। वहीं, गंभीर रूप से घायल मुजम्मिल खान (20) और नाहिद अली (18) का उपचार चल रहा है, जिनमें से एक की नाजुक हालत को देखते हुए उसे उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर किया गया है।

पाकिस्तान जाने की तैयारी में भगवंत मान, राजनीतिक मंजूरी पर टिकी सबकी निगाहें

पुलिस अधीक्षक मार्तंड प्रकाश सिंह का बयान

पुलिस अधीक्षक मार्तंड प्रकाश सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में घने कोहरे को दुर्घटना का मुख्य कारण माना जा रहा है। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर परिजनों को सूचित कर दिया गया है, जिससे गांव में मातम पसरा हुआ है। फरार अज्ञात वाहन और उसके चालक की शिनाख्त के लिए पुलिस आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।

Location :  Balrampur

Published :  19 November 2026, 9:01 AM IST

Advertisement