हिंदी
पवन अग्रवाल, जिलाधिकारी बलरामपुर
बलरामपुर: भारत-पाक युद्ध के तनावपूर्ण माहौल के बीच देश की एकता और भारतीय सेना के सम्मान को समर्पित भारत शौर्य तिरंगा यात्रा का आयोजन बलरामपुर जिले में किया जा रहा है। यह ऐतिहासिक यात्रा रविवार को सुबह 7:30 बजे बलरामपुर स्टेडियम से शुरू होकर वीर विनय चौक तक निकाली जाएगी। यह यात्रा जिले में देशभक्ति की भावना को और मजबूत करेगी और सैनिकों के साहस को नई ऊंचाइयां प्रदान करेगी।
डाइनामाइट न्यूज संवाददाता के अनुसार, जिलाधिकारी पवन अग्रवाल ने इस आयोजन की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इस यात्रा का उद्देश्य सीमाओं पर तैनात हमारे वीर सैनिकों के प्रति सम्मान प्रकट करना और उनका मनोबल ऊंचा रखना है।
तिरंगा यात्रा में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी, व्यापारी, समाजसेवी, युवा, एनसीसी, स्काउट और जिले के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में भाग लेंगे। यह यात्रा देशभक्ति के नारे और हाथों में लहराते तिरंगे झंडों के साथ एक प्रेरक दृश्य प्रस्तुत करेगी।
डीएम पवन अग्रवाल ने जिले के लोगों से अपील की है कि वे बड़ी संख्या में इस देशभक्ति यात्रा में शामिल हों और सेना के समर्थन में एकजुट होकर एकता और अखंडता का संदेश दें। उन्होंने कहा कि आज जब हमारे वीर सैनिक सीमा पर डटे हैं, तो हम सभी का दायित्व है कि हम उनके साथ खड़े हों। उनके प्रति यह समर्थन भावनात्मक ही नहीं, बल्कि राष्ट्रीय कर्तव्य भी है।
बलरामपुर जिले की सभी तहसीलों में भारत शौर्य तिरंगा यात्रा भी निकाली जाएगी, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि जिले का हर नागरिक इस नेक काम में अपनी भागीदारी निभा सके। यह यात्रा न केवल सेना के प्रति सम्मान का प्रतीक है, बल्कि इससे देश के युवाओं में देशभक्ति की भावना भी जागृत होगी।
यह आयोजन महज एक रैली नहीं है, बल्कि यह भारत माता को समर्पित एक जनांदोलन का रूप ले रहा है, जो हर दिल में देश के लिए कुछ कर गुजरने की भावना भर देगा। बता दें कि बीते एक हफ्ते से भारत और पाकिस्तान के बीच एयर स्ट्राइक वार छिड़ा हुआ था। ऐसे में आज दोनो के बीच सहमति के बाद युद्ध को खत्म कर दिया गया है। जिसके चलते ही भारतीय सेना के सम्मान को समर्पित भारत शौर्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया।
Location : Balrampur
Published : 10 May 2025, 8:28 PM IST
Topics : Balrampur Balrampur hindi news balrampur news Bharat Shaurya Tiranga Yatra DM Pawan Agarwal Indian Army Honor NCC and Scout Balrampur Patriotic Yatra Tricolor Yatra 2025 Veer Vinay Chauraha