बलरामपुर में दर्दनाक हादसा: तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार बारातियों को रौंदा, 1 की मौत…

बलरामपुर के उतरौला-बस्ती मार्ग पर शनिवार को हुए भीषण सड़क हादसे ने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया। इमिलिया गांव के पास तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार बारातियों को टक्कर मार दी, जिसमें 55 वर्षीय यार मोहम्मद की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस जांच में जुटी है।

Balrampur: उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जिले में शनिवार की दोपहर एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया, जिसने शादी के माहौल को पूरी तरह मातम में बदल दिया। रेहरा बाजार थाना क्षेत्र के सकडरिया गांव से एक बारात उतरौला के पेडरिया गांव जा रही थी। सभी लोग शादी की खुशियों में शामिल होने के लिए उत्साहित थे, लेकिन किसे पता था कि रास्ते में मौत इंतजार कर रही है।

जैसे ही बाइक सवार बाराती इमिलिया गांव के पास पहुंचे, तभी सामने से आ रहे तेज रफ्तार और अनियंत्रित डंपर ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि मौके पर चीख-पुकार मच गई और लोग मदद के लिए दौड़ पड़े।

तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवारों को रौंदा, एक की मौत

इस दर्दनाक हादसे में बाइक सवार 55 वर्षीय यार मोहम्मद पुत्र अज्ञात और 45 वर्षीय शमसुद्दीन उर्फ शमशु गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों सड़क पर गिरकर बुरी तरह घायल हो गए थे।

बार एसोसिएशन चुनाव में बड़ा उलटफेर… मुर्तजा हुसैन बने अध्यक्ष

स्थानीय लोगों और अन्य बारातियों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल निजी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने यार मोहम्मद को मृत घोषित कर दिया। वहीं, शमसुद्दीन की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। हादसे के बाद डंपर चालक मौके से वाहन सहित फरार हो गया, जिससे लोगों में आक्रोश फैल गया।

पुलिस जांच में जुटी, चालक की तलाश जारी

घटना की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। हालांकि, इस मामले में अभी तक थाने में कोई लिखित तहरीर नहीं दी गई है। पुलिस का कहना है कि जैसे ही शिकायत प्राप्त होगी, मामले में विधिक कार्रवाई की जाएगी।

उत्तराखंड में बड़ा फैसला: अब दोपहर 1 बजे तक ही चलेंगे स्कूल

प्रभारी निरीक्षक अवधेश राज सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के आधार पर हादसे की जांच शुरू कर दी गई है और फरार डंपर चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है ताकि वाहन और चालक की पहचान की जा सके। इस हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है और शादी की खुशियों को गहरे शोक में बदल दिया है।

Location :  Balrampur

Published :  2 May 2026, 9:40 PM IST

Advertisement