हिंदी
बचाव कार्य में जुटी पुलिस (फोटो सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Ballia: उत्तर प्रदेश में बलिया जिले के फेफना थाना अंतर्गत टोंस नदी पुल पर शुक्रवार की सुबह करीब साढ़े चार बजे यह दर्दनाक हादसा हुआ। बताया जा रहा है कि ट्रक भरौली की ओर से बलिया की तरफ आ रहा था। जैसे ही वाहन टोंस पुल पर पहुंचा, तेज रफ्तार के चलते चालक नियंत्रण खो बैठा। अनियंत्रित ट्रक ने पुल की रेलिंग तोड़ दी और सीधे नीचे नदी की ओर जा गिरा। हादसा इतना अचानक और भीषण था कि ट्रक में सवार खलासी को संभलने का मौका तक नहीं मिला।
हादसे के दौरान ट्रक में बैठा खलासी पंकज यादव (25), पुत्र छोटक यादव, निवासी लक्ष्मण डेरा चक्की, जिला बक्सर, गंभीर रूप से फंस गया। ट्रक के नीचे गिरने और उसके मलबे में दबने से उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। चालक किसी तरह मामूली चोटों के साथ वाहन से बाहर निकलने में सफल रहा। स्थानीय लोगों के अनुसार, हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई।
घटना स्थल पर मौजूद पुलिस (फोटो सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
पुलिस की घेराबंदी से पहले माता प्रसाद नोएडा रवाना, सपा प्रतिनिधिमंडल आज मजदूरों से मिलेगा
सूचना मिलते ही फेफना थाना अध्यक्ष विश्वदीप सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से राहत और बचाव कार्य शुरू किया। ट्रक में फंसे खलासी को बाहर निकालने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया।
पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना दे दी है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है। वहीं पुलिस मामले की जांच कर रही है कि हादसा सिर्फ तेज रफ्तार के कारण हुआ या फिर इसके पीछे कोई और तकनीकी वजह भी थी।
Location : Ballia
Published : 17 April 2026, 12:07 PM IST