हिंदी
टावर पर चढ़ें बजरंग दल के कार्यकर्ता (Img: Dynamite News)
Maharajganj: निचलौल क्षेत्र के मदनपुरा गौशाला में दो गायों की मौत के मामले को लेकर जिले में चल रहा विवाद सोमवार को उस समय और गहरा गया, जब बजरंग दल के तीन कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट परिसर स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गए।
कार्यकर्ताओं ने गौशाला में हुई गायों की मौत के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई तथा संगठन के कार्यकर्ताओं के कथित उत्पीड़न को बंद करने की मांग उठाई। घटना के बाद कलेक्ट्रेट परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया।
जेल का गेट खुला और फिर गायब हो गया उम्रकैदी! बरेली सेंट्रल जेल से फरारी ने खड़े किए बड़े सवाल
जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पहले निचलौल क्षेत्र के मदनपुरा स्थित गौशाला में दो गायें मृत अवस्था में मिली थीं। इस घटना के सामने आने के बाद बजरंग दल और गौसेवा से जुड़े संगठनों ने गौशाला की व्यवस्थाओं पर सवाल उठाते हुए जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। संगठन का आरोप है कि मामले को गंभीरता से लेने के बजाय शिकायत करने वाले कार्यकर्ताओं को ही परेशान किया जा रहा है।
सोमवार को इसी नाराजगी के चलते बजरंग दल के तीन कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट परिसर पहुंचे और वहां स्थित एक ऊंचे टावर पर चढ़ गए। टावर पर चढ़ने के बाद उन्होंने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों को सार्वजनिक रूप से रखा। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया।
मौके पर तहसीलदार, पुलिस अधिकारी तथा अन्य प्रशासनिक कर्मचारी पहुंचे और टावर पर चढ़े कार्यकर्ताओं को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास शुरू किए। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर उनकी मांगों को सुना और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। कई घंटों तक मान-मनौवल का दौर चलता रहा।
मदनपुरा गौशाला में गायों की मौत के मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी द्वारा पहले ही तीन सदस्यीय जांच समिति का गठन किया जा चुका है। समिति को घटना के कारणों की जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। हालांकि बजरंग दल के कार्यकर्ताओं का कहना है कि केवल जांच समिति गठित कर देने से समस्या का समाधान नहीं होगा, बल्कि दोषियों की जिम्मेदारी तय कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।
Location : Maharajganj
Published : 22 June 2026, 8:48 PM IST