बदायूं में तेज रफ्तार वाहन ने बाइक सवार को कुचला, अस्पताल पहुंचने से पहले गई जान

बदायूं में तेज रफ्तार वाहन की एक टक्कर ने परिवार की खुशियां छीन लीं। सड़क हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस अब फरार अज्ञात वाहन चालक की तलाश में जुटी है।

Post Published By: Jay Chauhan
Updated : 6 September 2026, 1:07 AM IST
google-preferred

Badaun: जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर लगने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया था। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे लोगों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस और एंबुलेंस को दी। सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस कर्मी मौके पर पहुंचे और घायल युवक को इलाज के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

यह दर्दनाक हादसा बदायूं जिले के उसावा थाना क्षेत्र में म्याऊं-दातागंज रोड पर हड़ौरा चौकी के पास हुआ। बताया जा रहा है कि बाइक सवार युवक सड़क से गुजर रहा था, तभी किसी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।

मृतक के शोकाकुल परिजन

मृतक की पहचान 28 वर्षीय धर्मेंद्र शर्मा पुत्र रामविलास शर्मा निवासी कुंवर गांव, उसहैत के रूप में हुई है। जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने जब उसका चेकअप किया तो उसकी हालत बेहद गंभीर थी, लेकिन इलाज शुरू होने से पहले ही उसकी मौत हो चुकी थी। इसके बाद अस्पताल प्रशासन ने शव को मोर्चरी में रखवा दिया।

UP Breaking News LIVE: बदायूं में युवक की संदिग्ध मौत, 5 लेखपाल और एक कानूनगो सस्पेंड

मृतक के परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

परिजनों के मुताबिक, धर्मेंद्र शर्मा चार भाई-बहनों में तीसरे नंबर पर था। उसकी शादी हो चुकी थी और उसके परिवार में पत्नी के अलावा दो बेटियां और एक बेटा है। मृतक की दो बेटियां बड़ी हैं, जबकि बेटा सबसे छोटा है। धर्मेंद्र परिवार की जिम्मेदारी संभालने के लिए शटरिंग का काम करता था।

परिजनों में कोहराम

युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजन बदहवास हालत में जिला अस्पताल पहुंचे और धर्मेंद्र का शव देखकर उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिवार के लोगों ने बताया कि उन्हें इस हादसे की उम्मीद नहीं थी और कुछ ही समय में उनकी खुशियां मातम में बदल गईं।

बदायूं में दर्दनाक हादसा: टेंट हाउस पर काम करने वाले 18 वर्षीय मजदूर की करंट लगने से मौत, मालिक पर हत्या का गंभीर आरोप

मामले में पुलिस की कार्रवाई

फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, अज्ञात वाहन और चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से वाहन की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

Location :  Badaun

Published :  6 September 2026, 1:03 AM IST

Advertisement