हिंदी
बिग ब्रेकिंग (Source: Dynamite News)
Lucknow: देश की राजधानी दिल्ली से संचालित उत्तर प्रदेश की खबरों का नंबर-1 चैनल डाइनामाइट न्यूज़ नये प्रयोगों, बिग ब्रेकिंग समाचारों के साथ अपने कलेवर के लिए जाना जाता है। देश के सबसे अधिक जनसंख्या वाले राज्य यूपी का नंबर-1 चैनल होने के नाते हम अपने पाठकों के लिये खबरों की प्रस्तुतिकरण का नया अंदाज लेकर सामने आये हैं, जिससे प्रदेश वासियों को समाचारों का जानने का एक नया अनुभव मिलेगा। अपने पाठकों के लिये हम पेश कर रहे हैं यूपी की खबरों का एक लाइव ब्लॉग, जिसमें एक ही खबर में, एक ही जगह और एक क्लिक में आपको उत्तर प्रदेश की सभी खबरें एक साथ पढ़ने को मिलेंगी।
देवरिया के बघौचघाट थाना पुलिस ने शादी का झांसा देकर दुष्कर्म के मामले में वांछित चल रहे एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर के निर्देश पर अपराध एवं अपराधियों की रोकथाम तथा वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है।
फतेहपुर के आरटीओ ऑफिस में एडीएम और एएसपी ने भारी पुलिस बल के साथ औचक छापेमारी की। इस कार्रवाई से विभाग में हड़कंप मच गया और मौके से 10 संदिग्धों को हिरासत में लिया गया। एडीएम विनय पांडे ने इसे रूटीन चेकिंग बताते हुए कहा कि पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए यह कदम उठाया गया है। सभी संदिग्धों से कोतवाली में पूछताछ जारी है।
सीतापुर में नेशनल हाईवे-30 के किनारे लंबे समय से किए गए अवैध अतिक्रमण पर प्रशासन ने गुरुवार को कड़ी कार्रवाई की। तहसील प्रशासन, नगर पालिका और पुलिस बल की संयुक्त टीम ने काशीराम कॉलोनी के पास बुलडोजर चलाकर अवैध दुकानों व ढांचों को हटवाया। सड़क सीमा तक फैलाए गए इस अतिक्रमण से आवागमन में बाधा, जाम और हादसों का खतरा बना हुआ था।
उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले के तिर्वा तहसील परिसर में तैनात चकबंदी लेखपाल कृष्ण कुमार ने सहायक चकबंदी अधिकारी देवानंद शर्मा पर रुपये मांगने और रुपये देने से इनकार करने पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। लेखपाल ने तिर्वा कोतवाली पहुंचकर पुलिस को शिकायती पत्र दिया। शिकायत में लेखपाल ने आरोप लगाया उसे अपने कार्यालय में बुलाया और रुपये की मांग की। रुपये देने से मना करने पर कथित तौर पर गाली-गलौज करते हुए उसके साथ मारपीट की गई।
देवरिया सदर की ग्राम पंचायत पिपरा चंद्रभान में 85 घन मीटर क्षमता का गोवर्धन बायोगैस प्लांट ‘कचरे से कंचन’ की अवधारणा को साकार कर रहा है। गौशाला के करीब 286 गोवंश से मिले गोबर से बायोगैस और जैविक खाद तैयार हो रही है। बायोगैस से कंपोजिट विद्यालय में 170 बच्चों का मिड-डे मील पकाया जा रहा है।
अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि मंदिर निर्माण से जुड़े ट्रस्ट में पूर्व एयर मार्शल जितेंद्र मिश्र को पहला CEO बनाए जाने पर विपक्ष सवाल उठा रहा है। इस पर उनके परिजनों ने कहा कि विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं है। परिजनों ने जितेंद्र मिश्र को ईमानदार और सख्त अधिकारी बताते हुए कहा कि उन्होंने हर जिम्मेदारी पूरी निष्ठा से निभाई है।
मैनपुरी के कुरावली क्षेत्र के जुन्हैसा गांव में हुए वीरपाल हत्याकांड में नामजद आरोपियों के परिजनों ने चुनावी रंजिश के तहत झूठा फंसाने का आरोप लगाया है। ग्राम प्रधान सियादेवी ने पुलिस प्रशासन को शिकायती पत्र देकर निष्पक्ष जांच कराने और वास्तविक दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
बदायूं के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के बरदरपुर गांव में 26 वर्षीय युवक मोहित राठौर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बुधवार शाम वह लाल पुल के पास नशे की हालत में मिला था। परिजन उसे घर लेकर आए, जहां उसकी हालत बिगड़ गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी (BSP) प्रमुख मायावती ने अपने भतीजे आकाश आनंद को लेकर एक बार फिर बड़ा सियासी फैसला लिया है। 3 सितंबर 2026 को लखनऊ में हुई पार्टी की ऑल इंडिया बैठक में मायावती ने साफ किया कि आकाश आनंद को फिलहाल उत्तर प्रदेश में कोई बड़ी जिम्मेदारी नहीं दी जाएगी।
कौशांबी के अवैध पटाखा फैक्ट्री विस्फोट मामले में प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए 5 लेखपाल और एक कानूनगो को निलंबित कर दिया है। इन पर अवैध फैक्ट्री की जानकारी न होने, लापरवाही और कर्तव्यों में उदासीनता बरतने के आरोप हैं।
पिपरी थाना क्षेत्र के मंहौरी गांव में 31 अगस्त को अवैध पटाखा फैक्ट्री में जोरदार विस्फोट हुआ था। हादसे में अब तक 11 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई लोग घायल हुए हैं।
मैनपुरी में तीन माह की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म के आरोप का मामला सामने आया है। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने 40 वर्षीय नामजद आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है। बच्ची को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
गोरखपुर रेंज के कमिश्नर इंद्र विक्रम सिंह और DIG शिवशिंपी चन्नप्पा भारत-नेपाल के सोनौली बॉर्डर पहुंचे। अधिकारियों ने बॉर्डर की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों से सुरक्षा एवं निगरानी व्यवस्था की जानकारी ली। मौके पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे।
औरैया के अछल्दा थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर युवक से मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि जीजा अपने साथियों के साथ साले को रास्ते से उठाकर ले गया और खेत में पीटने के बाद नीम के पेड़ से बांध दिया। डायल 112 ने मौके पर पहुंचकर युवक को छुड़ाया।
देवरिया। रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र के महादेव झुलनिया मोड़ के आगे स्थित रेड हिल कॉन्वेंट स्कूल में एक बच्चे के साथ मारपीट और कथित तौर पर जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किए जाने का मामला सामने आया है। परिजनों का आरोप है कि स्कूल में पेपर देने के दौरान मास्टर पंकज जायसवाल और महिला शिक्षिका श्वेता गुप्ता द्वारा बच्चे के साथ बेरहमी से मारपीट की गई तथा जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद बच्चे के परिजन और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया।
हाथरस के सासनी थाना क्षेत्र के गांव बसगोई में मंगलवार देर रात दो गुटों के बीच फायरिंग की घटना सामने आई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एसओजी के साथ कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से थार गाड़ी, दो अवैध तमंचे और कारतूस बरामद किए गए।
महराजगंज के बृजमनगंज थाना क्षेत्र में फरेंदा-बृजमनगंज मार्ग स्थित लेहड़ा मंदिर मोड़ के पास जंगल किनारे गुरुवार को युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लिया। काफी प्रयास के बाद भी पहचान नहीं हो सकी। पुलिस पोस्टमार्टम और अन्य पहलुओं से जांच कर रही है।
भारतीय वायुसेना के पूर्व ग्रुप कैप्टन और वीर चक्र से सम्मानित अभिनंदन वर्धमान ने विमानन क्षेत्र में नई पारी शुरू की है। सूत्रों के मुताबिक, वह अगस्त में गोवा की क्षेत्रीय एयरलाइन FLY91 से पायलट के तौर पर जुड़े हैं। हालांकि, एयरलाइन ने निजी कर्मचारी जानकारी का हवाला देते हुए इस पर टिप्पणी नहीं की है।
मिर्जापुर में लगातार छह दिनों से हो रही भारी बारिश के चलते जरगो डैम के चार गेट खोलकर करीब 3 हजार क्यूसेक पानी जरगो नदी में छोड़ा गया है। नदी उफान पर है और जमुई-चुनार संपर्क मार्ग पर सरैया पुल के पास पानी भरने से आवागमन बाधित हो गया है।
दिल्ली कैंट इलाके में गुरुवार सुबह तेज रफ्तार थार ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार एक पुरुष और महिला की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। दुर्घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए थार चालक को पकड़ लिया। स्थानीय लोगों ने आरोपी चालक को पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस हादसे के कारणों और चालक की भूमिका की जांच कर रही है।
औरैया के अछल्दा थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि जीजा विकास पांडे ने साथियों के साथ साले धर्मेंद्र को रास्ते से उठाया और अपने घर के पास ले जाकर पहले खेत में पीटा, फिर नीम के पेड़ से बांध दिया।
पीड़ित के मुताबिक, बुधवार सुबह करीब सवा 10 बजे वह बघुआ गांव के तिराहे के पास दवा लेने जा रहा था। इसी दौरान उसका जीजा करीब 20 साथियों के साथ बाइकों से वहां पहुंचा और उसे जबरन अपने साथ ले गया।
प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने 290 करोड़ रुपये के कथित बैंक फ्रॉड मामले में कोलकाता और जयपुर के 11 ठिकानों पर छापेमारी की। कार्रवाई प्राइम पल्स लिमिटेड और उससे जुड़े लोगों के खिलाफ PMLA के तहत की गई है।
प्रयागराज में बच्चा पासी के विधानसभा की राजनीति में कदम रखने की चर्चा तेज हो गई है। इसको लेकर इलाके में राजनीतिक हलचल बढ़ गई है। बच्चा पासी की ओर से भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की बात सामने आई है।
चित्रकूट में मंदाकिनी नदी लगातार उफान पर है। जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर बना हुआ है। रामघाट और आसपास की दुकानें व कई भवन पानी में डूबे हैं। बुंदेलखंड और आसपास के जिलों में भारी बारिश के चलते कच्चे मकान और दीवारें गिरने से आठ लोगों की मौत हुई है।
झंगहा थाना क्षेत्र के दुबियारी पुल के पास खेत में अज्ञात महिला का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। महिला की अभी शिनाख्त नहीं हो सकी है।
कौशांबी में पटाखा फैक्ट्री विस्फोट मामले में पुलिस ने 25 हजार रुपये के इनामी वांछित आरोपी मोहम्मद आदिल को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। पिपरी थाना क्षेत्र में कमालपुर बरेठी नहर पुलिया के पास पुलिस की आरोपी से मुठभेड़ हुई।
देवरिया के बैतालपुर डिपो स्थित एलपीजी प्लांट में ड्यूटी के बाद कार में बैठे एयरफोर्स के पूर्व कर्मचारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। काफी देर तक कोई हलचल नहीं होने पर कर्मचारियों ने पुलिस को सूचना दी।
UP Weather LIVE: उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में आज भी बादल छाए रहने और बारिश के दौर जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक आने वाले दिनों में भी कई इलाकों में बारिश और गरज-चमक देखने को मिल सकती है।
Fatehpur News LIVE: फतेहपुर के औंग थाना क्षेत्र के विक्रमपुर गांव में देर रात खूनी संघर्ष से हड़कंप मच गया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, ससुराल पहुंचे जीजा ने तलवार से परिवार के सदस्यों पर हमला कर दिया। घटना में पांच लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जबकि हमलावर की मौत हो गई। एक साला घटना के बाद से लापता बताया जा रहा है। पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुटी है।
Location : Lucknow
Published : 3 September 2026, 9:35 AM IST