Budaun News: पूर्व कर्मचारी निकला मास्टरमाइंड, 2 लाख लूट का पुलिस ने ऐसे किया खुलासा…

बदायूं में व्यापारी से 2 लाख रुपये की लूट का पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। चौंकाने वाली बात यह रही कि इस वारदात का मास्टरमाइंड पीड़ित का पूर्व कर्मचारी ही निकला। पुलिस ने सीसीटीवी और सर्विलांस की मदद से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर 1.60 लाख रुपये, स्कूटी और मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

Post Published By: Bobby Raj
Updated : 2 May 2026, 2:24 PM IST
google-preferred

Budaun: उत्तर प्रदेश के बदायूं में व्यापारी से हुई लूट की वारदात का पुलिस ने बेहद चौंकाने वाला खुलासा किया है। इस केस में पकड़ा गया मुख्य आरोपी कोई बाहरी अपराधी नहीं बल्कि पीड़ित व्यापारी का पूर्व कर्मचारी ही निकला। थाना कोतवाली पुलिस और एसओजी/सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें एक नाबालिग भी शामिल है। पुलिस ने आरोपियों के पास से 1,60,880 रुपये नकद, वारदात में इस्तेमाल जूपिटर स्कूटी और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

रात के अंधेरे में झपट्टा मारकर लूटा बैग

28 अप्रैल 2026 की रात करीब 10:15 बजे पटियाली सराय वादिया दरबाजा निवासी व्यापारी अंशुमन वैश्य अपनी मेडिकल स्टोर "अंशू इंटरप्राइजेज" को मढई चौक से बंद कर बाइक से घर लौट रहे थे। जैसे ही वह हुसैनी गली स्थित भारद्वाज टेंट हाउस के पास पहुंचे, पीछे से स्कूटी सवार दो बदमाशों ने झपट्टा मारकर उनका बैग छीन लिया और फरार हो गए।

साइबर ठगी का मास्टरमाइंड चढ़ा UP STF के हत्थे, महाराजगंज से निकला नेटवर्क

बैग में करीब 2 लाख रुपये नकद, दो मोबाइल फोन और दुकान की चाबियां मौजूद थीं। घटना के बाद व्यापारी ने थाना कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई, जिस पर पुलिस ने मु0अ0सं0 95/2026 धारा 304(2) बीएनएस के तहत अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

CCTV और सर्विलांस से पुलिस तक पहुंची कड़ी

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक नगर के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी नगर के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस के जरिए आरोपियों की पहचान की।

मुखबिर की सटीक सूचना पर गांधी ग्राउंड इलाके से भरत पुत्र बंटी कश्यप निवासी कल्याण नगर को उसके नाबालिग साथी के साथ गिरफ्तार कर लिया गया। तलाशी में उनके पास से लूट की रकम 1,60,880 रुपये, स्कूटी संख्या UP24 AB 4293 (जूपिटर) और एक वीवो व एक रियलमी मोबाइल फोन बरामद किए गए। इसके बाद मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी भी की गई।

Balrampur Accident: जांच रिपोर्ट का खुलासा! सड़क नहीं, बेकाबू रफ्तार बनी तीन मौतों की वजह

पुरानी नौकरी की जानकारी बनी साजिश की वजह

पूछताछ में मुख्य आरोपी भरत ने खुलासा किया कि वह अंशुमन वैश्य की दुकान पर तीन साल तक काम कर चुका था और दो महीने पहले ही नौकरी छोड़ दी थी। पैसों की तंगी से जूझ रहे भरत ने अपने पुराने मालिक की दिनचर्या, दुकान बंद करने का समय और नकदी ले जाने की जानकारी का फायदा उठाया। उसने अपने नाबालिग साथी के साथ मिलकर पूरी योजना बनाई और सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया।

आरोपी ने यह भी बताया कि घटना के बाद उसने लूटे गए मोबाइल फोन और दुकान की चाबियां रोजा मकबरा के पास फेंक दी थीं। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

Location :  Budaun

Published :  2 May 2026, 2:24 PM IST

Advertisement