हिंदी
बदायूं में डबल मर्डर (Image Source: Dynamite News)
Budaun: बदायूं के बिनावर थाना क्षेत्र के गांव कान्हा नगला में एक महिला और उसके सात वर्षीय धेवते के शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सुबह चाय लेकर घर पहुंची महिला की बेटी ने जब अंदर का नजारा देखा तो उसके होश उड़ गए। कमरे के बाहर चारपाई पर उसका सात वर्षीय बेटा अदनान मृत पड़ा था, जबकि कमरे के अंदर उसकी मां का शव मिला। सूचना मिलने पर एसएसपी अंकिता शर्मा डॉग स्क्वाड और फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है। हालांकि, पुलिस ने लूटपाट की किसी वारदात से इनकार किया है।
मामला बिनावर थाना क्षेत्र के कान्हा नगला गांव का है। यहां रहने वाली न्याज बानो अपनी बेटी हिना के घर से कुछ ही दूरी पर रहती थीं। जानकारी के मुताबिक, बीती रात वह अपनी बेटी के घर से नमाज पढ़ने की बात कहकर अपने घर आई थीं। उनके साथ उनका सात वर्षीय धेवता अदनान भी आ गया था।
गोरखपुर: छठ घाटों से खाद दुकानों तक ज्वाइंट मजिस्ट्रेट की छापेमारी, गड़बड़ी मिली तो खैर नहीं!
इसके बाद दोनों रात में सो गए। अगली सुबह हिना चाय लेकर अपनी मां के घर पहुंचीं। जब वह घर के अंदर गईं तो वहां का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। चारपाई पर कमरे के बाहर उनका सात वर्षीय बेटा अदनान मृत अवस्था में पड़ा था, जबकि कमरे के अंदर उनकी मां न्याज बानो का शव मिला।
दोनों को इस हालत में देखकर हिना बेहोश हो गईं। घटना की जानकारी मिलने के बाद गांव में लोगों की भीड़ जुट गई। परिवार में हुई इस घटना के बाद इलाके में भी चर्चा शुरू हो गई। मृतका की बेटी हिना आरिफ ने भी घटना को लेकर अपनी बात रखी।
पुलिस जांच में जुटी (Image Source: Dynamite News)
दो लोगों के शव मिलने की सूचना पर एसएसपी अंकिता शर्मा डॉग स्क्वाड और फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले के जल्द खुलासे के निर्देश दिए। एसएसपी के मुताबिक, सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है। दोनों के शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिले हैं और प्रथम दृष्टया मामला हत्या का लग रहा है। शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।
एसएसपी ने यह भी स्पष्ट किया कि फिलहाल लूट जैसी कोई वारदात सामने नहीं आई है। ऐसे में घटना के पीछे की वजह और परिस्थितियों का पता लगाने के लिए पुलिस जांच कर रही है।
गांव के प्रधानपति अब्दुल रज्जाक ने बताया कि न्याज बानो गुरुवार को ही दिल्ली से वापस अपने घर आई थीं। उनके दोनों बेटे दिल्ली में सिलाई का काम करते हैं। उन्होंने बताया कि सुबह हिना जब घर पहुंचीं, तब इस घटना की जानकारी हुई। अब्दुल रज्जाक के मुताबिक, गांव में न्याज बानो की किसी से कोई रंजिश नहीं थी। घटनास्थल को देखने के बाद उन्हें भी ऐसा नहीं लग रहा कि इस हत्याकांड को लूट के इरादे से अंजाम दिया गया हो।
फिलहाल पुलिस हत्या की आशंका के आधार पर मामले की जांच कर रही है। दोनों की मौत के पीछे की असली वजह क्या है और इस घटना को किसने अंजाम दिया, इसका पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस की जांच के बाद ही चल सकेगा।
Location : Budaun
Published : 14 November 2026, 2:21 PM IST