हिंदी
Symbolic Photo
Meerut: मेरठ में बीए की एक छात्रा की हत्या ने पूरे इलाके को दहला दिया है। तीन दिन पहले परीक्षा देने घर से निकली युवती का अर्धनग्न शव गन्ने के खेत में मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। परिवार का आरोप है कि बेटी के साथ पहले रेप किया गया और फिर उसकी हत्या कर शव खेत में फेंक दिया गया। वहीं पुलिस ने इस मामले में एक युवक को गिरफ्तार कर बड़ा खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी छात्रा का पूर्व प्रेमी है, जिसने पूछताछ में हत्या की बात कबूल कर ली है।
पूरा मामला मेरठ के टीपी नगर थाना क्षेत्र से जुड़ा है। रोहटा थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली बीए छात्रा तीन दिन पहले परीक्षा देने के लिए घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। परिवार ने काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। 16 तारीख को परिजनों ने अंकुश नाम के युवक के खिलाफ केस दर्ज कराया और उस पर बेटी को गायब करने का शक जताया। पुलिस मामले की जांच कर ही रही थी कि रविवार को रोहटा क्षेत्र के उकसिया गांव के गन्ने के खेत में एक युवती का अर्धनग्न शव मिलने की सूचना मिली।
पुलिस मौके पर पहुंची तो शव की पहचान लापता छात्रा के रूप में हुई। बेटी की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों ने साफ आरोप लगाया कि छात्रा के साथ रेप करने के बाद उसकी हत्या की गई है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। भीम आर्मी के कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंचे और थाने में हंगामा किया। परिवार लगातार आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और इंसाफ की मांग कर रहा है।
पुलिस ने मामले में आरोपी अंकुश को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस का दावा है कि आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। आरोपी ने बताया कि उसका छात्रा के साथ पहले से प्रेम संबंध था और दोनों साथ में गए थे। रास्ते में उसने युवती का मोबाइल देखा, जिसमें उसे किसी दूसरे युवक से बातचीत दिखाई दी। इसी बात को लेकर उसे शक हुआ और गुस्से में उसने युवती की हत्या कर दी। मेरठ के एसएसपी अविनाश पांडे ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पांच टीमें बनाई गई थीं। फिलहाल शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Location : Meerut
Published : 18 May 2026, 1:35 PM IST