हिंदी
थाना हाथरस गेट
Hathras: हाथरस के थाना हाथरस गेट क्षेत्र के गांव लहरा में शनि मंदिर पर पूजा को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर बवाल हो गया। मामूली कहासुनी देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। दोनों पक्षों के लोगों ने एक-दूसरे के साथ गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी।
स्थिति तब और बिगड़ गई जब दोनों ओर से पथराव होने लगा। गांव में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए घरों में छिप गए।
ग्रामीणों के अनुसार विवाद के दौरान हवाई फायरिंग भी की गई, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर उपनिरीक्षक शिवम शाहू पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
हालात बिगड़ते देख अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया। पुलिस को मौके पर आता देख कई आरोपी फरार हो गए। इसके बाद पुलिस ने गांव में गश्त बढ़ाकर स्थिति को नियंत्रण में लिया।
पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर कई लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पहले पक्ष से दीपेश, नीरज, टीटू, दिनेश, पंकज, दामोदर, शीलेन्द्र, गुल्ला, सुनील और कालू उर्फ मुकेश को नामजद किया गया है।
वहीं दूसरे पक्ष से मनीष उर्फ मनिया, मनोज, रामकुमार, रूपेन्द्र उर्फ रोकी, सुधीर और गीतम सिंह समेत 10 से 15 अज्ञात लोगों के खिलाफ भी केस दर्ज किया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
Location : Hathras
Published : 18 May 2026, 12:14 PM IST
Topics : clash firing Hathras stone pelting Worship