बिजली विभाग की लापरवाही ने ली किसान की जान… अमेठी में दर्दनाक हादसे से हड़कंप

अमेठी में बिजली विभाग की कथित लापरवाही ने एक किसान की जान ले ली। जामों थाना क्षेत्र के गौरा गांव में खेत के कंटीले तार में करंट दौड़ने से 56 वर्षीय किसान गंभीर रूप से झुलस गए। परिजन उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद गांव में गुस्सा और मातम है।

Post Published By: Bobby Raj
Updated : 18 May 2026, 1:44 PM IST
google-preferred

Amethi: अमेठी जिले के जामों थाना क्षेत्र के गौरा गांव में सोमवार सुबह एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। गौरा निवासी रामकुमार मौर्या (56) रोज की तरह सुबह करीब 6:30 बजे घर से अपने खेत और पंपिंग सेट की ओर निकले थे। घर से लगभग एक किलोमीटर दूर स्थित खेत पर पहुंचते ही वह वहां लगी कंटीले तार की बाड़ के संपर्क में आ गए।

ग्रामीणों के मुताबिक खेत की मेड पर लगाए गए कंटीले तार में अचानक करंट दौड़ रहा था। जैसे ही रामकुमार ने तार को छुआ, उन्हें जोरदार करंट लगा और वह मौके पर ही गंभीर रूप से झुलस गए। आसपास मौजूद लोगों ने जब उन्हें जमीन पर गिरा देखा तो अफरा-तफरी मच गई। परिजन और ग्रामीण तत्काल उन्हें लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।

Agra News: लॉकर की डुप्लीकेट चाबियां, 2 लाख का गोल्ड लोन और एक स्पाई कैमरा; आगरा के इस मामा की पूरी कहानी

एलटी लाइन का तार गिरने से हुआ हादसा

परिजनों का आरोप है कि खेत के पास से गुजर रही एलटी विद्युत लाइन का तार टूटकर कंटीले तार पर गिर गया था। इसी वजह से पूरे तार में बिजली का करंट फैल गया और यह हादसा हो गया। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में बिजली विभाग की लापरवाही पहले भी सामने आती रही है, लेकिन समय रहते सुधार नहीं होने से अब एक किसान की जान चली गई।

घटना के बाद गांव में भारी आक्रोश देखने को मिला। लोगों ने बिजली विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि अगर समय पर लाइन की मरम्मत और निगरानी होती, तो यह हादसा टाला जा सकता था।

10 साल की सजा के बाद पूर्व विधायक की पत्नी नारी निकेतन रवाना, बहू जेल में ही रहेगी

पुलिस ने शुरू की जांच, पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव

मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मृतक के पिता की सूचना पर पंचायतनामा की कार्रवाई की जा रही है। वहीं शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

जामों थाना के प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार सिंह ने बताया कि शव को पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पूरे मामले की जांच की जा रही है और घटना के सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर कार्रवाई की जाएगी। किसान की मौत के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है, जबकि गांव में मातम का माहौल बना हुआ है।

Location :  Amethi

Published :  18 May 2026, 1:44 PM IST

Advertisement