यूपी पुलिस को बदमाशों की खुलेआम चुनौती, अमरोहा में कई राउंड फायरिंग; दो गुटों में गैंगवार कनेक्शन

अमरोहा के कांठ रोड पर रविवार शाम दो गुटों के बीच गैंगवार से सनसनी फैल गई। चाप सेंटर पर हुई ताबड़तोड़ फायरिंग से लोग जान बचाने को काउंटर में छिपे। पुलिस ने अज्ञात हमलावरों पर केस दर्ज कर सीसीटीवी के जरिए जांच शुरू की।

Updated : 17 August 2026, 12:22 PM IST
google-preferred

Amroha: उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले में बदमाशों के हौसले पूरी तरह बुलंद नजर आ रहे हैं। अमरोहा देहात थाना क्षेत्र के कांठ रोड स्थित गांव छाबी में रविवार शाम एक चाप सेंटर पर दो गुटों के बीच खूनी संघर्ष हुआ। ताबड़तोड़ फायरिंग की इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और स्थानीय लोगों में भारी दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और तुरंत भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया।

ऑर्डर के बहाने पहुंचे थे हमलावर, दोनों तरफ से चली गोलियां

प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस सूत्रों के अनुसार, गांव के बाहर रास्ते पर मुरादाबाद के कांठ इलाके के रहने वाले योगेंद्र सिंह द्वारा एक चाप सेंटर चलाया जाता है। रविवार शाम को एक कार में सवार पांच संदिग्ध युवक चाप सेंटर पर पहुंचे और खाने का ऑर्डर दिया। कुछ ही देर बाद एक अन्य कार वहां आ धमकी, जिसमें तीन युवक सवार थे। दूसरी कार से उतरे युवकों ने सेंटर के अंदर पहले से बैठे युवकों पर अचानक अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। जान बचाने के लिए अंदर बैठे युवकों ने भी तुरंत जवाबी फायरिंग की, जिससे वहां कुछ देर के लिए रणक्षेत्र जैसा नजारा बन गया।

दिल्ली के रघुबीर नगर में तांडव: बैटरी फटने से धू-धू कर जल उठी इमारत, दो बेकसूरों की गई जान, अंदर फँसे लोगों का हुआ बुरा हाल

काउंटर के पीछे छिपकर लोगों ने बचाई अपनी जान

गोलीबारी की इस अचानक हुई घटना से चाप सेंटर पर भगदड़ मच गई। कई राउंड गोलियां चलने से वहां मौजूद ग्राहकों और कर्मचारियों के होश उड़ गए। जान बचाने के लिए लोगों ने काउंटर के अंदर और कुर्सियों के पीछे छिपकर किसी तरह अपनी जान बचाई। घटना के बाद दोनों गुटों के हमलावर अपनी-अपनी कारों में बैठकर मौके से फरार हो गए। इस दुस्साहसिक वारदात ने कानून-व्यवस्था की स्थिति पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

मौके से मिले कारतूस के खोखे, पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक (एसपी) लखन सिंह यादव और सर्किल सीओ अवधभान सिंह भदौरिया भारी पुलिस बल के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मौके से कई खाली कारतूस के खोखे बरामद किए हैं, जबकि चाप सेंटर और आसपास की दीवारों पर गोली लगने के कई गहरे निशान मिले हैं। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया और साक्ष्य जुटाए।

गोरखपुर में मौत की डोर बेचने वालों पर वार, पुलिस ने ऐसे किया चाइनीज मांझे का भंडाफोड़

अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज, सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस

सर्किल सीओ अवधभान सिंह भदौरिया ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि इस मामले में अज्ञात युवकों के खिलाफ गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस की कई टीमें आरोपियों की धर-पकड़ के लिए ताबड़तोड़ दबिश दे रही हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला जा रहा है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। पुलिस ने दावा किया है कि इस गैंगवार में शामिल सभी बदमाशों को जल्द ही गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा।

Location :  Amroha

Published :  17 August 2026, 12:22 PM IST

Advertisement